उदयपुर,(एआर लाइव न्यूज)। गर्मी के बढ़ते असर के बीच मौसम विभाग द्वारा अगले दो दिनों में मेवाड़ सहित राजस्थान के कई जिलों में हल्की बारिश होने और तेज हवा चलने का अनुमान लगाया गया है।
मौसम विभाग के अनुसार पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने की वजह से इस सप्ताह राजस्थान के मौसम में बदलाव देखने को मिलेगा। हालांकि वर्तमान में कई जगह तेज गर्मी का असर बना हुआ हैं। आज शुक्रवार को जोधपुर संभाग के कुछ जिलों में हल्की बारिश हो सकती है। शनिवार को उदयपुर, जयपुर, अजमेर, भरतपुर, बीकानेर, कोटा और जोधपुर संभाग में हल्की बारिश हो सकती हैं। रविवार को भी उदयपुर और जयपुर संभाग में कहीं-कहीं पर हल्की वर्षा होने की संभावना हैं।
धूल भरी हवाएं भी चल सकती
मौसम विभाग के अनुसार 4 मार्च से उदयपुर और कोटा जिले में नया पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने से धूल भरी हवाएं चल सकती हैं। इधर प्रदेश के कई जिलों में दिन के तापमान में बढ़ोतरी होने से गर्मी का असर तेज होने लगा हैं। अधिकतम तापमान डूंगरपुर में 36, फलौदी में 35.6, जालौर में 36.7, चित्तौड़गढ़ में 35.4 और उदयपुर में 32.7 डिग्री सेल्सियस पर पहुंच चुका हैं। तापमान बढ़ने के साथ ही दिन में गर्मी का असर भी तेज हो गया हैं।

पिछोला में पानी की आवक जारी
देवास प्रथम बांध के गेट खोलने से पिछोला झील में पानी की आवक बनी हुई हैं। हालांकि आवक कम होने से गुरूवार के मुकाबले शुक्रवार को पिछोला के जलस्तर में आधा इंच की बढ़ोतरी ही हुई हैं। जल संसाधन विभाग अब भी समय रहते आकोदड़ा और मादड़ी बांध के गेट भी खोलता हैं तो पिछोला में आवक तेज होने के साथ ही पिछोला की पूर्ति पूरी होने पर स्वरूप सागर लिंक नहर के गेट खोलकर फतहसागर को भी भरा जा सकता हैं।

डिसक्लेमर:एआर लाइव न्यूज(AR Live News) से मिलते-जुलते नामों से रहें सावधान, उनका एआर लाइव न्यूज से कोई संबंध नहीं है। एआर लाइव न्यूज के संबंध में कोई भी बात करने के लिए पत्रकार लकी जैन (9887071584) और पत्रकार देवेन्द्र शर्मा (9672982063) ही अधिकृत हैं।


