उदयपुर,(एआर लाइव न्यूज)। जयपुर और उदयपुर से अहमदाबाद के लिए यात्री भार को देखते हुए उत्तर पश्चिम रेलवे ने इस रूट जयपर-असारवा-जयपुर एक्सप्रेस ट्रेन शुरू कर दी है। शुक्रवार को उदयपुर सांसद अर्जुन लाल मीणा, बांसवाड़ा सांसद कनकमल कटारा और चित्तौड़गढ़ सांसद सीपी जोशी ने उदयपुर रेलवे स्टेशन से ट्रेन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।
मंडल रेल प्रबंधक राजीव धनखड़ ने बताया कि इस ट्रेन के शुरू होने से जयपुर और अजमेर के यात्रियों को अहमदाबाद जाने के लिए एक अतिरिक्त वैकल्पिक मार्ग व ट्रेन मिल गई है। यह ट्रेन जयपुर, फुलेरा, किशनगढ, अजमेर, नसीराबाद, भीलवाडा, चन्देरिया, मावली जं, राणाप्रतापनगर, उदयपुर सिटी, जावर, डूंगरपुर, शामलाजी रोड, हिम्मतनगर, नांदोल दहेगाम व सरदार ग्राम स्टेशनों से होते हुए अहमदाबाद पहुंचेगी। ऐसे में इन स्टेशनों के यात्रियों को एक और अतिरिक्त गाड़ी की सुविधा प्राप्त होगी ।
यात्रियों को यह रेलसेवा प्रतिदिन उपलब्ध होगी। गाडी संख्या 12981 जयपुर-असारवा सुपरफास्ट प्रतिदिन 3 मार्च से जयपुर से 19.35 बजे (शाम 7.35 बजे) रवाना होकर अगले दिन सुबह 8.50 बजे असारवा पहुचेगी। इसी प्रकार गाडी संख्या 12982, असारवा-जयपुर सुपरफास्ट प्रतिदिन रेलसेवा 4 मार्च से असारवा से 18.45 बजे (शाम 6.45 बजे) रवाना होकर अगले दिन सुबह 7.35 बजे जयपुर पहुचेगी।



