ट्रांसफर आदेश हो चुके थे, रिलीव होने से पहले रिश्वत लेते धरा गया
उदयपुर,(एआर लाइव न्यूज)। भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो उदयपुर की स्पेशल यूनिट ने बुधवार को चित्तौड़गढ़ के कपासन में उमण्ड ग्राम पंचायत के ग्राम विकास अधिकारी (VDO) राहुल मीणा को 10 हजार रूपए रिश्वत लेते रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। (udaipur ACB Arrest VDO chittorgarh) खासबात है कि राहुल मीणा को रिश्वत का इतना लालच था कि ट्रांसफर ऑर्डर आने के बावजूद वह परिवादी से यह कहकर रिश्वत मांग रहा था कि रिलीव होने से पहले जाते-जाते काम कर देगा। इसलिए आज के आज रिश्वत राशि लेकर आ जाए।
एसीबी डीआईजी राजेन्द्र प्रसाद गोयल ने बताया कि चित्तौड़गढ़ निवासी राहुल मीणा पुत्र श्रवण कुमार को रिश्वत लेते रंगे हाथों गिरफ्तार किया गया है। राहुल मीणा कपासन के चाकुड़ा ग्राम में विकास अधिकारी है और उस पर उमण्ड ग्राम पंचायत के विकास अधिकारी का अतिरिक्त कार्यभार है। खासबात है कि वीडीओ परिवादी पर आज के आज ही रिश्वत देने का दबाव बना रहा था। ऐसे में परिवादी ने आज 1 मार्च को एसीबी में शिकायत की, एसीबी ने आज ही शिकायत का सत्यापन किसा और आरोपी राहुल मीणा को आज ही रिश्वत लेते रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। कार्रवाई एसीबी एडि.एसपी उमेश ओझा, एसीबी इंस्पेक्टर आदर्श कुमार के नेतृत्व में टीम ने की है।
भूखंड पट्टे के नवीनीकरण करने के नाम से ले रहा था रिश्वत
एसीबी एडि.एसपी उमेश ओझा ने बताया कि 1 मार्च 2023 आज उमण्ड गांव के निवासी परिवादी ने वीडीओ राहुल मीणा के खिलाफ रिश्वत मांगे जाने की शिकायत की थी। शिकायत में परिवादी ने बताया था कि गांव में उसके दादा के नाम से भूखंड है, भूखंड के पट्टे का नवीनीकरण करवाना है, जिसके लिए ग्राम पंचायत उमण्ड में आवेदन किया था। ग्राम पंचायत का विकास अधिकारी राहुल मीणा पट्टा बनाने की एवज में 10 हजार रूपए रिश्वत मांग रहा है। परिवादी ने यह भी बताया कि वीडीओ राहुल मीणा का ट्रांसफर हो चुका है, ऐसे में वह रिलीव होने से पहले रिश्वत राशि लेकर पट्टा बनाने का काम करना चाहता है और आज के आज रिश्वत राशि देने का दबाव बना रहा है।
शिकायत प्राप्त होते हुए एसीबी ने सत्यापन किया, जिसमें वीडीओ द्वारा रिश्वत मांगे जाने की पुष्टि हुई। सत्यापन के दौरान वीडीओ ने परिवादी को रिश्वत राशि लेकर कपासन पंचायत समिति कार्यालय ही बुलाया। इस पर एसीबी टीम आज ही उदयपुर से कपासन पहुंची और रिश्वत लेते वीडीओ को रंगे हाथों गिरफ्तार कर लिया। यह कार्रवाई एसीबी इंस्पेक्टर आदर्श कुमार परिहार के साथ हेडकांस्टेबल नंद किशोर पंड्या, प्रदीप भण्डारी, भारत सिंह, दिनेश कुमार की टीम ने की है।
डिसक्लेमर: एआर लाइव न्यूज(AR Live News)से मिलते-जुलते नामों से रहें सावधान, उनका एआर लाइव न्यूज से कोई संबंध नहीं है। एआर लाइव न्यूज के संबंध में कोई भी बात करने के लिए पत्रकार लकी जैन (9887071584) और पत्रकार देवेन्द्र शर्मा (9672982063) ही अधिकृत हैं।


