उदयपुर,(एआर लाइव न्यूज)। राजस्थान के संभागीय मुख्यालय सहित 11 जिलों में शनिवार को अध्यापक सीधी भर्ती परीक्षा-2023(teacher direct recruitment exam) आयोजित हुई। जयपुर में पुलिस ने दो डमी कैंडीडेट पकड़े, तो जोधपुर में भी कुछ लोगों को हिरासत में लिया गया। इस बीच उदयपुर में परीक्षा शांतिपूर्ण ढंग से हुई। परीक्षा के पहले दिन उदयपुर जिले में 35880 परीक्षार्थियों ने अध्यापक बनने के लिए परीक्षा दी। खासबात है कि उदयपुर में आज शनिवार को 36981 अभ्यर्थियों का परीक्षा में रजिस्ट्रेशन हुआ था, जिसमें से 35880 अभ्यर्थियों ने परीक्षा दी, मतलब दोनों पारियों को मिलाकर कुल करीब 97 प्रतिशत परीक्षार्थी परीक्षा में बैठे।
पहली पारी में हुई परीक्षा में 22396 परीक्षा बैठे, तो 905 अनुपस्थित रह गए, वहीं दूसरी पारी में 13680 परीक्षार्थियों ने परीक्षा दी और 196 अभ्यर्थी अनुपस्थित रहे। अनुपस्थित रहे कुल 1101 अभ्यर्थियों में कुछ तो ऐसे भी थे, जो सेंटर तक तो पहुंच गए थे, लेकिन समय से नहीं पहुंच पाने के लिए उन्हें परीक्षा केन्द्र के अंदर प्रवेश नहीं मिला और वे परीक्षा देने से वंचित रहे गए।

दस मिनट लेट हुए काफी मिन्नतें की पर नहीं मिल सका प्रवेश
परीक्षा को लेकर पहले ही गाइड लाइंस जारी कर दी गयी थी कि हर परीक्षार्थी को परीक्षा से एक घंटे पहले ही परीक्षा सेंटर पर पहुंचना है। पर कुछ परीक्षार्थी ट्रेफिक की वजह से या अन्य किसी कारण से परीक्षा केन्द्र दस मिनट लेट हो गए। उन्होंने परीक्षा केन्द्र पर काफी मिन्नतें की, लेकिन देरी से आने के चलते उन्हें प्रवेश नहीं मिल सका। ऐसे में कुछ परीक्षार्थी तो रोने तक लगे।

रविवार को भी बंद रहेगा इंटरनेट
अध्यापक सीधी भर्ती परीक्षा रविवार को भी दो पारियों में उदयपुर के विभिन्न परीक्षा केन्द्रों पर होगी। ऐसे में संभागीय आयुक्त राजेन्द्र भट्ट ने रविवार सुबह 6 से शाम 6 बजे तक उदयपुर शहर व गिर्वा व बड़गांव तहसील क्षेत्र में इंटरनेट बंद करने के निर्देश जारी कर दिए हैं।
संभागीय आयुक्त राजेंद्र भट्ट ने बताया कि परीक्षा में फेक न्यूज, दुर्घटना की अफवाह, पेपरलीक की अफवाहें आदि से कानून व्यवस्था की स्थिति उत्पन्न हो सकती है, साथ ही असामाजिक तत्वों द्वारा सोशल मीडिया के माध्यम से अफवाह फैलाने से लोक शांति भंग करने एवं कानून व्यवस्था प्रतिकूल रूप से बाधित होने की संभावना है। इन सभी संभावनाओं को देखते हुए और परीक्षा की संवेदनशीलता, गोपनीयता एवं कानून व्यवस्था को बनाये रखने के लिए रविवार 26 फरवरी को उदयपुर शहर, गिर्वा और बडगांव तहसील क्षेत्र में सुबह 6 बजे से शाम 6 बजे तक लीज लाईन को छोड़ते हुए इन्टरनेट सेवाएं बन्द रहेंगी।
यह भी पढ़ें : 24 दिसंबर को हुए टीचर भर्ती पेपर लीक मामले का मास्टर माइंड पकड़ा गया
डिसक्लेमर: एआर लाइव न्यूज(AR Live News)से मिलते-जुलते नामों से रहें सावधान, उनका एआर लाइव न्यूज से कोई संबंध नहीं है। एआर लाइव न्यूज के संबंध में कोई भी बात करने के लिए पत्रकार लकी जैन (9887071584) और पत्रकार देवेन्द्र शर्मा (9672982063) ही अधिकृत हैं।


