5 और पीड़ितों ने आंचलिया के खिलाफ की एसीबी को शिकायत
उदयपुर,(एआर लाइव न्यूज)। भुवाणा स्थित बेशकीमती भूखंड के विवाद में भ्रष्टाचार के आरोपो से घिरे निलंबित डीएसपी जितेन्द्र आंचलिया, एसआई रोशनलाल, भूमि दलाल रमेश राठौड़ और मनोज श्रीमाली को रिमांड पूरी होने पर आज सोमवार को एसीबी कोर्ट में पेश किया गया। यहां एसीबी कोर्ट ने चारों को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया है। इधर मामले की तफ्तीश में जुटी भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो की टीम के पास अब और भी पीड़ित आ रहे हैं। मामले की जांच एडिएसपी पुष्पेन्द्र सिंह राठौड़ के नेतृत्व में की जा रही है।
जानकारी के अनुसार डीएसपी जितेन्द्र आंचलिया के खिलाफ और भी 5 से 6 परिवादी शिकायत लेकर एसीबी के पास पहुंचे हैं और उन्होंने भी कुछ दस्तावेज पेश किए हैं। इन परिवादियों के मामले भी भूखंड और प्रोपर्टी विवाद से संबंधित हैं। जिसमें इन आरोपियों ने डीएसपी जितेन्द्र आंचलिया पर पद का दुरूपयोग कर भू-दलालों के साथ मिलकर जबरन समझौता करवाने और पैसा वसूल करने का आरोप लगाया है। हालां कि एसीबी इन सभी मामलों में परिवादियों द्वारा प्रस्तुत किए गए दस्तावेजों की जांच कर रही है।




