उदयपुर,(एआर लाइव न्यूज)। शहर के अंबामाता थाना क्षेत्र रामपुरा में आज सोमवार रात को बजरंग दल के पदाधिकारी राजू तेली(35) की गोली मार कर हत्या कर दी गयी। बताया जा रहा है कि मामला भूखंड विवाद से जुड़ा हो सकता है, हालां कि पुलिस तफ्तीश में जुटी हुई है, आरोपियों की गिरफ्तारी और जांच के बाद ही पुलिस कुछ स्पष्ट कह सकेगी।
पुलिस ने बताया कि मल्लातलाई के अस्सी फीट रोड निवासी राजू तेली (उम्र 35 वर्ष) की रामपुरा रोड पर चिकन सेंटर की दुकान है। राज करीब 8 बजे राजू तेली उसकी दुकान के बाहर खड़ा था। इसी दौरान बाइक पर दो लड़के आए, राजू तेली के नजदीक पहुंचते ही बाइक सवार एक युवक ने राजू पर फायरिंग की। गोली राजू के सिर में लगी, इससे राजू की वहीं मौके पर ही मौत हो गयी और बाइक सवार युवक मौके से फरार हो गए। घटनाक्रम के बाद स्थानीय लोग और परिजन राजू को हॉस्पिटल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टर्स ने उसे मृत घोषित कर दिया।

सूचना पर एडिएसपी चन्द्रशील ठाकुर, डीएसपी और थानाधिकारी मय जाब्ता मौके पर और हॉस्पिटल पहुंचे। हत्या के विरोध में परिजनों और क्षेत्रवासियों ने आक्रोश व्यक्त किया। आरोपियों की गिरफ्तारी और जांच के बाद ही पुलिस कुछ स्पष्ट कह सकेगी। मौके से मिले सीसीटीवी फुटेज के आधार पर पुलिस गोली चलाने वाले आरोपी बाइक सवार युवकों को चिह्नित करने का प्रयास कर रही है।




