- राज्य सरकार युवाओं को दे रही रोजगार के सुनहरे अवसर : मुख्यमंत्री
- युवाओं के रोजगार के लिए राजसील पोर्टल लॉन्च
- मुख्यमंत्री ने मेगा जॉब फेयर में युवाओं को दिए ऑफर लेटर
- 7 कम्पनियों के साथ किये एमओयू
उदयपुर,(एआर लाइव न्यूज)। मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने गुरूवार को उदयपुर में चल रहे दो दिवसीय मेगा जॉब फेयर रोजगार मेले का अवलोकन किया और चयनित हुए युवाओं को जॉब के ऑफर लेटर दिए। इस अवसर पर मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने कहा कि रोजगार मेलों के जरिए युवाओं को नौकरी प्राप्त करने के अवसर मिल रहे हैं, ऐसे में अब हर जिले में युवाओं के लिए रोजगार मेले लगाए जाएंगे।
सीएम गहलोत ने कहा राजस्थान देश में युवाओं को निजी और सरकारी क्षेत्रों में रोजगार उपलब्ध करवाने वाला अग्रणी राज्य है। राज्य सरकार द्वारा 3 लाख से अधिक सरकारी नौकरियां देने का कार्य किया जा रहा है। वहीं निजी क्षेत्र में भी राज्य सरकार की नीतियों से निवेश के लिए अनुकूल माहौल बना है तथा बड़े स्तर पर रोजगार के अवसर सृजित हो रहे हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि नए एमएसएमई कानून के माध्यम से सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्योगों को प्रोत्साहन दिया जा रहा है। इससे नए उद्यमियों को ब्याज-मुक्त ऋण मिल रहा है। साथ ही, राज्य में लेबर अनरेस्ट की भी कोई स्थिति नहीं है। इन सुविधाओं के चलते राजस्थान निवेशकों का मुख्य आकर्षण बन चुका है।

रोजगार सृजन के लिए 7 कम्पनियों के साथ एमओयू
प्रदेश के युवाओं को रोजगार देने के लिए आयोजन में चॉइस फिनसर्व प्राइवेट लि., आमधने प्रा. लि., क्वेस कॉर्प लि., चेकमेट सर्विसेज प्रा. लि., डिजायर कॉर्पोरेट सर्विसेज प्रा.लि., यस बैंक, लोहागढ़ रिसोर्ट्स प्रा.लि. एवं राजस्थान कौशल एवं आजीविका विकास निगम (आर.एस.एल.डी.सी.) के बीच एमओयू किया गया। ये सभी कम्पनियां अब प्रदेश सरकार के साथ मिलकर भविष्य में होने वाले जॉब फेयर व अन्य रोजगार मेलों में युवाओं को रोजगार उपलब्ध कराएंगी। ये कंपनियां आगामी वर्षों में 25 हजार से भी अधिक युवाओं को नौकरियों के अवसर उपलब्ध करायेंगी।

राजसील पोर्टल का लोकार्पण
समारोह में मुख्यमंत्री गहलोत ने राजसील एकल खिड़की पंजीकरण व्यवस्था एवं जॉब प्लेटफॉर्म का लोकार्पण किया। यह पोर्टल युवाओं की सम्पूर्ण डिजिटल प्रोफाइलिंग के लिए एक सार्थक पहल है। इस पोर्टल के माध्यम से राज्य के समस्त युवाओं को रोजगार एवं उद्यमिता के अवसर प्रदान कराए जाएंगे। यह प्लेटफॉर्म सभी प्रकार की नौकरियों के अवसर खोज कर आवेदन करने के लिए 365 दिन 24×7 उपलब्ध रहेगा।
यह भी पढ़ें : मुख्यमंत्री ने उदयपुर के सेवाश्रम और कुम्हारों का भट्टा फ्लाईओवर का किया लोकार्पण
10 हजार से अधिक युवा इंटरव्यू के लिए शॉर्ट लिस्ट हुए, 3500 को मौके पर ही जॉब ऑफर लेटर मिला
उदयपुर में हुए राजस्थान मेगा जॉब फेयर में 70 से अधिक नियोक्ता संस्थानों ने भाग लिया। फेयर में 45 हजार से अधिक युवाओं ने पंजीकरण करवाया, 10 हजार से अधिक युवाओं को साक्षात्कार के लिए शॉर्टलिस्ट किया गया। साथ ही 3500 से अधिक युवाओं को मौके पर ही जॉब ऑफर लेटर सौंपे गए।
कार्यक्रम में कौशल, नियोजन एवं उद्यमिता राज्य मंत्री अशोक चांदना, जनजाति क्षेत्रीय विकास मंत्री अर्जुन सिंह बामणिया और पूर्व शिक्षा राज्यमंत्री गोविन्द सिंह डोटासरा, शासन सचिव कौशल, नियोजन एवं उद्यमिता विभाग पीसी किशन, प्रबंध निदेशक आरएसएलडीसी रेणू जयपाल सहित अन्य जनप्रतिनिधि, वरिष्ठ अधिकारी, हजारों की संख्या में आए युवा एवं जनसमूह उपस्थित रहे।


