नया वेरिएंट ज्यादा संक्रामक : लोग मास्क लगाने, सोशल डिस्टेंसिंग रखने जैसे कोविड प्रोटोकॉल फोलो करें
नई दिल्ली,(एआर लाइव न्यूज)। चीन में कोरोना की विस्फोटक स्थिति के बाद भारत में बढ़ते खतरे को लेकर गुरूवार को प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने उच्च स्तरीय समीक्षा बैठक की। बैठक में पीएम ने देश में कोविड-19 से संबंधित स्थितियों की समीक्षा की और आवश्यकत दिशा-निर्देश दिए। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री मनसुख मंडाविया, गृह मंत्री अमित शाह, उड्डयन मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया और शीर्ष अधिकारी वर्चुअल बैठक में शामिल हुए।
बैठक से पहले मंडाविया ने संसद में बताया कि इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर विदेश से आने वाले यात्रियों की रेंडम सैंपलिंग शुरू कर दी गयी है। सभी राज्यों से कहा गया है कि वे कोविड-19 की रोकथाम और नियंत्रण को लेकर अपनाए जाने वाले उपायों पर फोकस करें।
आगामी त्योहारों और नए साल के जश्न समारोहों को देखते हुए राज्य सरकारें ज्यादा से ज्यादा लोगों को मास्क लगाने, सेनीटाइजर उपयोग करने, सोशल डिस्टेंसिंग मेंटेन करने जैसे प्रोटोकॉल की पालना के लिए जागरूक करें। राज्य सुनिश्चित करने की ज्यादा से ज्यादा लोगों को कोरोना वैक्सीन की बूस्टर डोज लगे।

स्वास्थ्य मंत्रालय नियमित आधार पर स्थिति की निगरानी कर रहा है
मंडाविया ने बताया कि गुजरात और ओडिशा में नए वेरिएंट BF-7 और BF-12 से संक्रमित पाए गए हैं। दोनों रोगी स्वस्थ हो चुके हैं। BF-7 बहुत ज्यादा संक्रामक होने के साथ ही यह उनक लोगों को भी संक्रमण की चपेट में ले सकता है, जिनके टीका लग चुका है। ऐसे में लोग कोरोना प्रोटोकॉल का पालन करने और ध्यान रखें।
मंडाविया ने कहा कि भारत में प्रतिदिन औसतन 153 नए मामले सामने आ रहे हैं, जबकि दुनिया भर में रोजाना 5.87 लाख नए मामले सामने आ रहे हैं। स्वास्थ्य मंत्रालय नियमित आधार पर स्थिति की निगरानी कर रहा है और मौजूदा चुनौती के प्रबंधन के लिए विशिष्ट हस्तक्षेपों का प्रस्ताव दिया है।



