अच्छे नंबर देकर पास करने की एवज में शारीरिक संबंध बनाने के लिए दबाव बनाने का मामला
कोटा,(एआर लाइव न्यूज)। राजस्थान टेक्नीकल यूनिवर्सिटी आरटीयू की छात्रा की एफआईआर पर कोटा पुलिस ने गुरूवार को एसोसिएट प्रोफेसर गिरीश परमार और सहयोगी छात्र अर्पित अग्रवाल को गिरफ्तार कर लिया है।
छात्रा ने आरोप लगाया है कि इलेक्ट्रॉनिक्स विभाग के एसोसिएट प्रोफेसर गिरीश परमार एग्जाम में अच्छे नबंर देकर पास करने की एवज में शारीरिक संबंध बनाने का दबाव डालते हैं। छात्र अर्पित अग्रवाल पर एसोसिएट प्रोफेसर की तरफ से छात्राओं से इस संबंध में बात करने और इस कृत्य में गिरीश परमार की मदद करने का आरोप है।
एक छात्रा के हिम्मत कर आगे आने के बाद एक और छात्रा ने भी पुलिस को प्रोफेसर गिरीश परमार के खिलाफ शिकायत दी है। इस मामले को लेकर आरटीयू में छात्र संगठन लामबंद हो गए हैं और एसोसिएट प्रोफेसर को बर्खास्त करने की मांग कर प्रदर्शन किए जा रहे हैं।
विश्वविद्यालय के कुलपति एसके सिंह ने मामले को गंभीर बताते हुए कहा कि मामला अब हमारे संज्ञान में है। पहले छात्राओं ने हमें ऐसी कोई शिकायत या सूचना नहीं दी। मामले की गहन जांच के लिए जांच समिति का गठन कर दिया गया है। एसोसिएट प्रोफेसर को निलंबित कर दिया गया है। जांच समिति मामले की तह तक जाएगी औार उसकी रिपोर्ट के अनुसार अग्रिम कार्रवाई होगी।



