सवाई माधोपुर,(एआर लाइव न्यूज)। राहुल गांधी के नेतृत्व में राजस्थान के जिलों से होकर गुजर रही कांग्रेस की भारत जोड़ो यात्रा में बुधवार को आरबीआई के पूर्व गवर्नर रघुराम राजन भी शामिल हुए।
यात्रा के दौरान रघुराम राजन न केवल राहुल गांधी के साथ कदम मिलाते हुए चले बल्कि इस दौरान दोनों के बीच काफी देर चर्चाओं का दौर भी बना रहा। आरबीआई के पूर्व गर्वनर का भारत जोड़ो यात्रा में शामिल होना और यू राहुल गांधी के साथ कदम मिलाकर लंबा चलने पर कई अटकले भी शुरू हो गई हैं। यात्रा मंे राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत, प्रदेशाध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा और पूर्व उप मुख्यमंत्री सचिन पायलट सहित कई नेता भी शामिल थे।

दोपहर बाद दौसा जिले में हुआ प्रवेश
राहुल गांधी की यात्रा सवाई माधोपुर जिले का सफर पूरा कर दोपहर बाद दौसा जिले में प्रवेश कर गई हैं। यात्रा का सवाई माधोपुर जिले में आज अंतिम दिन था। यात्रा अभी राजस्थान से होकर गुजर रही हैं ऐसे में खासकर मुख्यमंत्री अशोक गहलोत और प्रदेशाध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा यात्रा से जुड़ी तैयारियांें व अन्य गतिविधियों पर पूरी नजर बनाए हुए हैं।



