राजस्थान में जोधपुर और जयपुर में भी होगी जी-20 शेरपा मीट
उदयपुर,(एआर लाइव न्यूज)। भारत सरकार के विदेश मंत्रालय के सचिव और जी-20 ऑपरेशन हेड मुक्तेश परदेशी ने मंगलवार को लीला पैलेस स्थित मीडिया सेंटर में प्रेस वार्ता को संबोधित किया और विभिन्न विषयों पर विस्तार से चर्चा की। मेक्सिको व न्यूजीलैंड में भारत के राजदूत रहे परदेशी ने कहा कि भारत मदर ऑफ डेमोक्रेसी है।
परदेशी ने 20 देशों के मध्य ट्रेड, ट्रांसपोर्ट, कम्युनिकेशन सहित विभिन्न विषयों के साथ जी-20 के भविष्य में होने वाले आयोजनों की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि 9 और 10 सितंबर 2023 को दिल्ली में भारत की अध्यक्षता में जी-20 देशों के टॉप लीडर्स (प्राइम मिनिस्टर्स और प्रेसीडेंट) की बैठक होगी। जिससे पहले देश के हर राज्य में विभिन्न वर्किंग ग्रुप की मीटिंग होंगी।
उन्होंने बताया कि देश के हर राज्य में जी-20 शेरपा की 200 बैठकें होंगी। आने वाले दिनों में जी-20 के डवेलपमेंट वर्किंग ग्रुप की मुम्बई में और फाइनेंस ग्रुप की बेंगलुरू में मीटिंग होगी। राजस्थान में उदयपुर से जी-20 शेरपा बैठकों की शुरूआत हो गयी है, इसके अलावा जोधपुर और जयपुर में भी जी-20 के अलग-अलग ग्रुप की दो मीटिंग्स होंगी।
उदयपुर में प्रथम शेरपा बैठक का आयोजन किया गया, क्योंकि यहां इसके लिए सबसे उपयुक्त इंफ्रास्ट्रक्चर है। यहां के पर्वत, झील बहुत खूबसूरत हैं और होस्पिटलिटी के लिहाज से भी यह एक उत्तम जगह हैं।

केंद्रीय पर्यटन विभाग ने शुरू किया एक माह का विशेष अभियान
लेकसिटी में जी-20 शेरपा सम्मेलन में आने वाले देशों के अतिथियों के भारत प्रवास को देखते हुए केन्द्रीय पर्यटन विभाग ने एक माह चलने वाले विशेष अभियान का शुभारंभ किया है। अभियान के तहत भारत को दी गई जी-20 की अध्यक्षता के गौरव के साथ-साथ विभाग द्वारा भारत की कला-संस्कृति व पर्यटन स्थलों की ब्रांडिंग की जाएगी।

शिल्पग्राम में मिनिएचर और मॉडर्न पेंटिंग का प्रदर्शन
निदेशक ऑरव ने बताया कि पश्चिम क्षेत्र सांस्कृतिक केन्द्र द्वारा स्थापित किए गए शिल्पग्राम में मंगलवार को दौरा करने वाले जी-20 प्रतिनिधियों के लिए लाइव मिनिएचर और मॉडर्न पेंटिंग का प्रदर्शन भी किया गया। इस दौरान अतिथियों ने यहां पर कलाकारों द्वारा तैयार की जा रही मिनिएचर और मॉडर्न पेंटिंग को उत्सुकता से देखा और कलाकारों के कला-कौशल की सराहना की। अतिथियों ने कहा कि भारत का कला वास्तव में अनोखी है और पूरी दुनिया में इसका कोई सानी नहीं है।



