गत चैंपियन पंजाब टीम दिल्ली से पराजित होकर सेमीफाइनल तक नहीं पहुंच सकी
उदयपुर,(एआर लाइव न्यूज)। नेशनल व्हीलचेयर क्रिकेट चैंपियनशिप-2022 में दिल्ली, यूपी, हरियाणा और उत्तराखंड की टीमें सेमीफाइनल में पहुंच गयी हैं। 16 टीमों के बीच चार दिन हुए लीग मैच में इन चार राज्यों की टीमों ने सेमीफाइनल में जगह बना ली है। नारायण सेवा संस्थान, डीसीसीआई, डब्ल्यूसीआई और राजस्थान रॉयल्स के संयुक्त तत्वावधान में उदयपुर में चल रही इस चैंपियनशिप के शुक्रवार को आरसीए ग्राउंड में सेमीफाइनल मैच होंगे।
नारायण सेवा संस्थान अध्यक्ष प्रशांत अग्रवाल ने बताया कि लीग मैच श्रृंखला के अंतिम दिन विभिन्न टीमों के बीच 6 मैच हुए। 16 टीम से चार ग्रुप में बंटी प्रदर्शन तालिका में श्रेष्ठ शीर्षस्थ हरियाणा, उत्तराखंड, यूपी और दिल्ली 4 टीमों ने सेमीफाइनल में जगह बनाई। खासबात रही कि सेमीफाइनल में पहुंची तीनों टीमें उत्तराखंड, यूपी और दिल्ली ने लीग में एक भी मैच नहीं हारा। इन टीमों के खिलाड़ियों के धुंआधार परफॉर्मेंस के आगे प्रतिद्वंद्वी टीमें ज्यादा नहीं टिक सकीं, वहीं हरियाणा टीम ने दो लीग मैच जीतकर सेमीफाइनल में जगह बनाई।
शुक्रवार को आरसीए ग्राउंड में दो पारियों में सेमीफाइनल मैच होंगे। पहली पारी में हरियाणा से दिल्ली और दूसरी पारी में उत्तराखंड से यूपी की टीम भिड़ेंगी। सेमीफाइनल से जीतने वाली दो टीमों के बीच 3 दिसंबर को विश्व दिव्यांगता दिवस पर फाइनल मैच होगा और विजेता टीम तृतीय नेशनल व्हीलचेयर क्रिकेट चैंपियनशिप की ट्रॉफी पर कब्जा जमाएगी।
मेजबान राजस्थान की टीम चार दिन हुए लीग मैच में सिर्फ एक मैच जीत पायी

मुम्बई v/s छत्तीसगढ़ : मुम्बई ने 20 ओवर में 3 विकेट पर 206 रन का स्कोर खड़ा किया। जवाब में छत्तीसगढ़ की टीम 19 3 ओवर में 176 रन पर ऑल आउट हो गई। नतीजन मुम्बई यह मुकाबला 30 रन से जीती। 42 गेंद पर 14 चौके मार 80 रन बनाने वाले गणेश शेलरमैन ऑफ द मैच रहे।
बड़ौदा v/s हरियाणा : बड़ौदा ने टॉस जीतकर बल्लेबाजी की, लेकिन पूरी टीम 6.5 ओवर में मात्र 25 रन पर ही सिमट गई। घातक गेंदबाजी का कहर बरपाने वाली हरियाणा ने 2.2 ओवर में 1 विकेट के नुकसान पर लक्ष्य पा लिया। मैच के हीरो मोनू मास्टर ने 3.5 ओवर में 1 ओवर मेडन फेंकते हुए 7 रन देकर 7 विकेट चटकाए। जिन्हें मैन ऑफ द मैच का खिताब दिया गया।
राजस्थान v/s आंध्र प्रदेश : राजस्थान ने टॉस जीतकर पहले बैटिंग चुनी। शानदार बल्लेबाजी का मुजायरा करते हुए 20 ओवर में 4 विकेट पर 215 रन का टारगेट आन्ध्रप्रदेश को दिया। लक्ष्य का पीछा करने उतरी आंध्र प्रदेश की टीम 20 ओवर में 5 विकेट पर 139 रन ही जुटा सकी। राजस्थान ने 76 रन से यह मुकाबला जीतते पहली जीत का स्वाद चखा। मैन ऑफ द मैच रामखिलाड़ी मीणा को जिला खेल अधिकारी शकील हुसैन ने ट्रॉफी और प्रतीक चिन्ह देकर सम्मानित किया।
दिल्ली टीम ने पंजाब का सपना किया चकनाचूर

दिल्ली v/s पंजाब : दिल्ली ने पहले बल्लेबाजी कर 20 ओवर में 5 विकेट पर 234 रन बनाए। लक्ष्य का पीछा करते हुए पंजाब की टीम निर्धारित 20 ओवर में 4 विकेट पर 191 रन ही बना सकी। यह मैच दिल्ली ने जीतते हुए सेमीफाइनल का टिकट पक्का किया, वहीं गत चैंपियनशिप के विजेता रहे पंजाब का फिर से ट्रॉफी पर कब्जा करने का सपना चकनाचूर हो गया। मैन ऑफ द मैच दिल्ली के सौरभ मलिक ने 54 गेंद पर 12 चौके व 9 छक्के की मदद से 126 बनाए।
मध्यप्रदेश v/s कर्नाटक : मध्यप्रदेश ने बेटिंग करते हुए निर्धारित 20 ओवर में 8 विकेट पर 171 रन का टारगेट विरोधी टीम को दिया। लक्ष्य का पीछा करने उतरी कर्नाटक टीम 20 ओवर में 5 विकेट के नुकसान पर 162 रन तक ही पंहुच सकी। मैन ऑफ द मैच गोलू चौधरी रहे। जिन्होंने 34 बोल पर 39 रन तथा 4 ओवर में 28 रन खर्च कर 2 विकेट लिए।
गुजरात v/s उत्तराखंड : गुजरात ने बल्लेबाजी कर 20 ओवर में 8 विकेट पर 154 रन बनाये। जबाब में उत्तराखंड टीम 16 3 ओवर में 156 रन बना सेमीफाइनल में जगह बनाई। मैन आफ द मैच आफताब अंसारी ने 45 गेंद पर 106 रन का शानदार शतक जड़ा और 3 महत्वपूर्ण विकेट अपने नाम किए। बड़गांव उपखंड अधिकारी रमेश बहेड़िया ने टॉफी ओर शिल्ड भेंट कर उन्हें सम्मानित किया।


