राजकीय विद्यालयों के विद्यार्थियों के लिए निशुल्क यूनिफॉर्म वितरण योजना का भी हुआ शुभारंभ
जयपुर,(एआर लाइव न्यूज)। मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने मंगलवार को मुख्यमंत्री निवास से मुख्यमंत्री बाल गोपाल योजना एवं मुख्यमंत्री निशुल्क यूनिफॉर्म वितरण योजना का शुभारंभ किया। इस दौरान उन्होंने उपस्थित विद्यार्थियों को यूनिफॉर्म वितरित की।
मुख्यमंत्री गहलोत ने कहा कि राजकीय विद्यालयों के विद्यार्थियों द्वारा एक समान यूनिफॉर्म पहनने से विद्यार्थियों के साथ अभिभावकों और समाज में समानता का संदेश जाएगा और विद्यार्थियों का आत्मविश्वास भी बढ़ेगा। वहीं दूध बच्चों के लिए स्वास्थ्यवर्धक होगा। बच्चों के बेहतर स्वास्थ्य और गुणवत्तापूर्ण शिक्षा को देखते हुए यह दोनों योजनाएं शुरू की गयी हैं।
स्कूल मैनेजमेंट कमेटी दूध चखेगी, फिर बच्चों को पिलाया जाएगा
मुख्यमंत्री बाल गोपाल योजना के तहत राज्य में मिड-डे मील कार्यक्रम से लाभान्वित राजकीय प्राथमिक, उच्च प्राथमिक विद्यालयों, मदरसों एवं विशेष प्रशिक्षण केन्द्रों में अध्ययनरत कक्षा 1 से 8 तक के बच्चों को पाउडर मिल्क से तैयार दूध मंगलवार और शुक्रवार को उपलब्ध कराया जाएगा। दूध का वितरण प्रार्थना सभा के बाद होगा। गुणवत्ता सुनिश्चित करने के लिए अध्यापक, अभिभावक या स्कूल मैनेजमेंट कमेटी सदस्य दूध चखेंगे। योजना पर राज्य सरकार द्वारा 476.44 करोड़ रूपए वहन किए जाएंगे।

यूनिफॉर्म वितरण योजना में 500 करोड़ का व्यय
मुख्यमंत्री निःशुल्क यूनिफॉर्म वितरण योजना के तहत राजकीय विद्यालयों में कक्षा 1 से 8 के विद्यार्थियां को ड्रेस के 2 सैट के लिए कपड़ा मिलेगा। सिलाई के लिए प्रति विद्यार्थी 200 रूपए सीधे बैंक खाते में ट्रांसफर किए जाएंगे। कक्षा 1 से 8 तक राजकीय विद्यालयों में करीब 67.58 लाख विद्यार्थी अध्ययनरत हैं। योजना पर 500.10 करोड़ रूपए खर्च होंगे।

समारोह में शिक्षा मंत्री डॉ. बीडी कल्ला, शिक्षा राज्यमंत्री जाहिदा खान, मुख्य सचिव उषा शर्मा, स्कूल शिक्षा आयुक्त डॉ. मोहन लाल यादव, प्रमुख शासन सचिव वित्त अखिल अरोड़ा, निदेशक माध्यमिक शिक्षा गौरव अग्रवाल सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे, वहीं वीडियो कॉन्फ्रेंस के जरिए मंत्रीगण, विधायकगण, जनप्रतिनिधिगण, समस्त जिला कलक्टर, शिक्षा विभाग के अधिकारी, शिक्षक और विद्यार्थी कार्यक्रम से जुड़े।


