मुख्यमंत्री बोले राहुल गांधी के कहने के बाद डिस्कशन की कोई गुंजाइश नहीं
जयपुर,(एआर लाइव न्यूज)। भारत जोड़ो यात्रा को लेकर कांग्रेस के संगठन महामंत्री केसी वेणुगोपाल की मंगलवार को जयपुर में बैठक से पहले बड़ा नाटकीय राजनीतिक घटनाक्रम देखने को मिला। वेणुगोपाल की बैठक से पहले मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने मीडिया से बातचीत में पूर्व उप मुख्यमंत्री सचिन पायलट को पार्टी एसेट(संपत्ति) बताकर एक तरह से जुबानी जादूगिरी दिखा दी।
हाल ही में सचिन पायलट को गद्दार बताने वाले अशोक गहलोत ने कहा कि “राहुल गांधी हम सबके नेता हैं, जब राहुल गांधी ने कह दिया कि एसेट है तो फिर हम सब के एसेट है। फिर डिस्कशन किस बात का। इसमें मायने यह भी थे कि कांग्रेस का हर कार्यकर्ता एसेट है”।
गहलोत ने कहा कि राहुल गांधी ने यह अच्छी बात कही है कि दोनों नेता (अशोक गहलोत और सचिन पायलट) एसेट हैं। इसका मतलब उनके फॉलोवर भी एसेट हैं और सब मिलकर यात्रा को भी कामयाब करेंगे। हमारी पार्टी की सबसे बड़ी खूबी यही है कि आजादी के पहले और आजादी के बाद से कांग्रेस में जो नंबर वन नेता होता है उसके डिसिप्लिन में पार्टी चलती है। कांग्रेस अध्यक्ष के डिसिप्लिन में पार्टी चलती है, हमारे यहां उनके कहने के बाद कोई गुंजाइश नहीं रहती है।

कटारिया अपनी पार्टी की पंचायती करें
हाल ही में नेता प्रतिपक्ष गुलाबचंद कटारिया द्वारा गहलोत को लेकर सवाल उठाने पर गहलोत ने पलटवार किया कि अब क्या हमारी पार्टी की पंचायती भी गुलाब कटारिया करेंगे..?। कटारिया अपनी पार्टी संभाले, उनको हमारी पार्टी पर कमेंट करने की क्या जरूरत है। वह अपना घर संभाल लेंगे वो ही बहुत है। बहुत दुर्गति हो रही बीजेपी की।

सोमवार को राहुल गांधी ने बताया था दोनों नेताओं को पार्टी के एसेट
दरअसल भारत जोड़ो यात्रा के तहत सोमवार को राहुल गांधी ने इंदौर में प्रेस कांफ्रेंस की। उस दौरान उनके पूछा गया कि राजस्थान में मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने पूर्व उप मुख्यमंत्री सचिन पायलट पर कई आरोप लगाए हैं। गहलोत ने पायलट को गद्दार तक बताया है तो क्या पायलट ने गद्दारी की है?। इस सवाल के जवाब में राहुल गांधी ने कहा था कि वह इसमें नहीं जाना चाहते हैं कि किसने क्या कहा है, लेकिन इतना जरूर कहुंगा कि दोनों ही नेता पार्टी के एसेट है और भारत जोड़ो यात्रा पर इसको कोई असर नहीं पड़ेगा। माना जा रहा है कि राहुल के इसी जवाब के बाद गहलोत भी पायलट को लेकर मंगलवार को जयपुर में नरम पड़ते नजर आए।

वेणुगोपाल ने एकजुटता का संदेश देने का किया प्रयास
भारत जोड़ो यात्रा को लेकर जयपुर पहुंचे कांग्रेस के संगठन महामंत्री केसी वेणुगोपाल ने मंगलवार को मुख्यमंत्री अशोक गहलोत, पूर्व उप मुख्यमंत्री सचिन पायलट और प्रदेशाध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा सहित प्रमुख नेताओं के साथ बैठक की।
इस बैठक में वेणुगोपाल ने राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा की तैयारियों को लेकर चर्चा की। बैठक के बाद उन्होंने मीडिया से बातचीत में कहा कि राजस्थान में शानदार प्रबंधन हुए हैं। भारत जोड़ो यात्रा 18 दिन तक राजस्थान में रहेगी। राजस्थान में भारत जोड़ो यात्रा नंबर एक पर रहेगी। वेणुगोपाल ने इस दौरान गहलोत और पायलट के हाथ उपर करवा कर एकजुटता का संदेश देने का प्रयास भी किया।



