अमृतसर (एआर लाइव न्यूज)। सीमा सुरक्षा बल (बीएसएफ) के जवानों ने सोमवार रात पंजाब की भारत-पाकिस्तान सीमा पर भारतीय क्षेत्र में घुसे 2 ड्रोन को मार गिराया है। दोनों ड्रोन से कुल करीब 11 किलोग्राम हेरोइन भी बरामद की गई है। पहला ड्रोन अमृतसर बॉर्डर के गांव चाहढ़पुर में रात करीब 11 बजे और दूसरा ड्रोन तरनतारन के खेमकरण सेक्टर में मार गिराया।
बीएसएफ की 2 महिला जवान ने ड्रोन मार गिराया
बीएसएफ अधिकारी ने मंगलवार को बताया कि बीएसएफ के जवानों ने सोमवार रात करीब 10 बजे अमृतसर में रमदास सेक्टर के एक गाँव चाहरपुर में ड्रोन की आवाज सुनी। गश्त पर तैनात बीएसएफ की महिला जवान प्रीति और भाग्यश्री ने तकरीबन 25 राउंड फायर किए। जिसके बाद ड्रोन की आवाज बंद हो गई। उन्होंने सर्च कर एक खेत से एक हेक्साकॉप्टर चाइना मेड क्षतिग्रस्त ड्रोन बरामद किया। ड्रोन से लगभग 3 किलो 110 ग्राम हेरोइन बरामद हुई।
क्षतिग्रस्त ड्रोन से 7.5 किग्रा हेरोइन जब्त
वहीं तरनतारन के खेमकरण की भारत-पाकिस्तान सीमा पर गश्त कर रहे जवान हरभजन ने देर रात ड्रोन की आवाज सुनी। कई राउंड फायर करने के बाद ड्रोन की आवाज बंद हो गई। सर्च के दौरान मंगलवार सुबह करीब 12 बजे एक खेत से ड्रोन बरामद कर करीब 7.5 किलोग्राम हेरोइन जब्त की।


