जाजपुर (एआर लाइव न्यूज)। ओडिशा के जाजपुर जिले के एक स्टेशन पर सोमवार को एक मालगाड़ी दुर्घटनाग्रस्त हो गई। सुबह करीब 6.45 बजे मालगाड़ी पटरी से उतर गई। हादसे में दो लोगों की मौत हो गई, और कुछ अन्य गंभीर रूप से घायल हैं। जबकि कई लोगों के फंसे होने की आशंका है।
8 डिब्बे प्लेटफॉर्म और प्रतीक्षालय पर जा गिरे
ईस्ट कोस्ट रेलवे (ईसीओआर) के अधिकारियों ने जानकारी दी कि सुबह करीब 6.45 बजे जब लोग प्लेटफॉर्म पर यात्री ट्रेन का इंतजार कर रहे थे। इसी दौरान डोंगापोसी से छत्रपुर जा रही मालगाड़ी अचानक पटरी से उतर गई। हादसे में मालगाड़ी के 8 डिब्बे प्लेटफॉर्म और प्रतीक्षालय पर जा गिरे। जिस कारण वहां मौजूद कई लोग घायल हो गए। अभी तक 2 लोगों के मरने की सूचना है जबकि मरने वालों की संख्या बढ़ने की आशंका जताई जा रही है।
अधिकारियों का कहना है कि अभी तक मालगाड़ी के पटरी से उतरने का कारण पता नहीं चल सका है। इस हादसे में स्टेशन की इमारत बुरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गई है। जिस कारण दोनों लाइनें अवरुद्ध हो गई हैं, साथ ही ट्रेन सेवाएं भी आंशिक रूप से प्रभावित हुई हैं। ईसीओआर ने एक दुर्घटना राहत ट्रेन और एक मेडिकल टीम को घटनास्थल पर भेजा है.
मुख्यमंत्री ने दो-दो लाख रुपये की अनुग्रह राशि देने की घोषणा की
मुख्यमंत्री नवीन पटनायक ने ट्रेन दुर्घटना में यात्रियों की मौत पर गहरा दुख व्यक्त करते हुए पीड़ितों के परिजनों को दो-दो लाख रुपये की अनुग्रह राशि देने की घोषणा की। उन्होंने प्रशासन को बचाव अभियान में तेजी लाने और घायल व्यक्तियों के लिए पर्याप्त उपचार प्रदान करने का निर्देश दिया है। साथ ही मंत्री राजस्व और आपदा प्रबंधन प्रमिला मल्लिक को घटनास्थल का दौरा करने और जायजा लेने के लिए कहा है


