उदयपुर ट्रावेल्स एसोसिएशन की बैठक में हुआ निर्णय
उदयपुर(एआर लाइव न्यूज)। उदियापोल क्षेत्र से रवाना होने वाली प्राइवेट ट्रावेल्स बसों के कारण अव्यवस्था होने की शिकायतें आने पर बस संचालकों ने बसों की रवानगी के दो स्थान तय किए हैं।
बुधवार को उदयपुर ट्रावेल्स एसोसिएशन के अध्यक्ष पारस सिंघवी की मौजूदगी में हुई ऐसोसिएशन की बैठक में सहमति से रूट के हिसाब से दो स्थानों से बसों की रवानगी का निर्णय लिया गया। एसोसिएशन महासचिव शंकर भाटिया ने बताया कि जो बसे उदयपुर से जयपुर, दिल्ली, आगरा, पिलानी स्थानों पर जाएगी वो बसें रोडवेज बस स्टैंड के पीछे से रवाना होंगी।
जो बसें गुजरात रूट पर अहमदाबाद, राजकोट, झुनागढ़, मोरबी, बड़ौदा, सूरत और मुंबई, पूना की तरफ जाएगी वो बसें सेंट्रल जेल के सामने पुलिस लाइन के पीछे से रवाना होगी। सभी बसे अपने निर्धारित समय से 10 मिनट पहले ही इन स्थानों पर आएंगी और निर्धारित समय पर रवाना होगी।

रात 10.30 बजे से पहले शहर में प्रवेश नहीं करेगी बसें
सिंघवी ने बताया कि उदयपुर में आने वाली बसें रात्रि 10.30 से पहले शहर के अंदर प्रवेश नहीं करेंगी। कोई बस समय सीमा से पहले शहर में आती हैं तो ट्रावेल्स ऐसोसिएशन द्वारा कारवाई की जाएगी। व्यवस्था में सुधार लाने पिछले दिनों ही ट्रैफिक डिप्टी कुशाल चोर्डिया की मौजूदगी में ट्रावेल्स संचालकों की बैठक हुई थी। बैठक में राकेश जोशी, राजेश विधानी, अमित यादव, प्रेम सिंह,दीपेश, मनोज तलरेजा, मनीष बेदी व भगवत सिंह सहित कई सदस्य मौजूद थे।

सिंघवी बोले, व्यवस्था बिगड़ रही उसके लिए ट्रावेल्स संचालक भी जिम्मेदार
पारस सिंघवी ने एसोसिएशन की बैठक में स्पष्ट कहा कि सभी को मिलकर व्यवस्था में सुधार लाना होगा। हमने ऐसोसिएशन की अब तक इस मामले में कई बार बैठकें की,लेकिन सकारात्मक परिणाम नहीं मिला। इससे साफ होता है कि व्यवस्था नहीं बन पाने में हमारा(ट्रावेल्स संचालक) ही कुछ दोष हैं। यदि अब भी व्यवस्था सुचारू नहीं हो पाती है तो हमें कठिन निर्णय लेकर व्यवस्था सुधार नहीं पड़ेगी। सिंघवी ने कहा कि अगर बसों की व्यवस्था में अब भी सुधार ना हुआ तो शहर के अंदर बसों का प्रवेश पूर्णत: बंद किया जाएगा, लेकिन रात्रि को हो रही अव्यवस्था को बर्दास्त नहीं किया जायेगा। शहरवासियों को सहयोग करना हमारा कर्तव्य है।



