UAPA के दर्ज की एफआईआर, एनआईए और स्टेट एटीएस कर रही जांच
उदयपुर,(एआर लाइव न्यूज)। जिले में जावरमाइंस थाना क्षेत्र के जावर से खारवा चासदा के बीच केवड़े की नाल में ओडा रेलवे पुल पर हुए विस्फोट से क्षतिग्रस्त हुए रेलवे ट्रैक को पूरी तरह ठीक कर दिया गया है। इसके बाद आज सुबह असारवा अहमदाबाद से रवाना हुई ट्रेन उदयपुर पहुंची है और शाम को भी उदयपुर से असारवा अहमदाबाद के लिए ट्रैन रवाना होगी।
उत्तर पश्चिम रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी कैप्टन शशिकिरण ने बताया कि जांच एजेंसियों ने मौके की समस्त एंगल से फोटोग्राफी कर सभी सैंपल एकत्रित कर लिए थे। इसके बाद क्षतिग्रस्त ट्रैक को ठीक करने का एटीएस ने रात 11 बजे क्लीयरेंस दे दिया था। इसके बाद रेलवे कर्मचारियों ने तत्काल मौके पर क्षतिग्रस्त ट्रैक को ठीक करने का कार्य शुरू किया और रातभर कार्य कर 3 से 4 घंटे में ट्रैक को पूरी तरह ठीक कर दिया गया है।

मुख्य जनसंपर्क अधिकारी कैप्टन शशिकिरण ने बताया इस ट्रैक पर ट्रेन का संचालन शुरू कर दिया गया है। आज सुबह 6.30 बजे असारवा अहमदाबाद से रवाना हुई ट्रेन तय समय पर उदयपुर पहुंची है और शाम को भी उदयपुर से असारवा अहमदाबाद के लिए ट्रेन रवाना होगी।
एनआईए और स्टेट एटीएस कर रही जांच, यूएपीए में दर्ज हुई एफआईआर
रेलवे मिनिस्टर अश्विनी वैष्णव ने बयान जारी कर बताया कि मामले की जांच एनआईए और स्टेट एटीएस कर रही है। इस घटनाक्रम को जिसने भी अंजाम दिया है, उसके खिलाफ सख्त से सख्त कार्रवाई की जाएगी। उदयपुर एसपी विकास शर्मा ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। The Unlawful Activities (Prevention) Amendment Act (UAPA) के तहत एफआईआर दर्ज की गयी है।



