जयपुर,(एआर लाइव न्यूज)। थल सेनाध्यक्ष जनरल मनोज पांडे ने शनिवार को जयपुर स्थित मुख्यालय दक्षिण पश्चिमी कमान का दौरा किया। लेफ्टिनेंट जनरल एएस भिंडर, जनरल ऑफिसर कमांडिंग इन चीफ, दक्षिण पश्चिमी कमान ने सेना प्रमुख को ऑपरेशनल तैयारियों, सैन्य.तंत्र, प्रशिक्षण पहलुओं तथा हाल ही प्राकृतिक आपदाओं के दौरान नागरिकों को मुहैया करवाई गई सैन्य सहायता के बारे में जानकारी दी।
थल सेना प्रमुख ने कमान के सभी पदों को संबोधित किया और ऑपरेशनल तैयारियों के उच्चतम स्तर को बनाए रखने की आवश्यकता पर जोर दिया। उन्होंने यह भी दोहराया कि हमारे सैनिकों को उपलब्ध सर्वोत्तम आधुनिक तकनीकों के साथ सशक्त बनाया जा रहा है, जो उन्हें भविष्य में युद्ध के लिए सक्षम बनाएगा।

सेना प्रमुख ने ऑपरेशनल तैयारियों और प्रशासनिक दक्षता के प्रति सभी पदों के समर्पण और दृढ़ता पर प्रसन्नता व्यक्त की और समकालीन तथा भविष्य की चुनौतियों की तैयारी को लेकर किए गए प्रयासों की सराहना भी की। उन्होंने हाल के दिनों में बाढ़ राहत कार्यों में नागरिक प्रशासन की सहायता हेतु कमान द्वारा किए गए सराहनीय प्रयासों की प्रशंसा कीए जिसमें कई लोगों की कीमती जानें बचाई गई।



