- नाथद्वारा में श्रीनाथजी के दर्शन करने के बाद पहुंचे प्रतिमा स्थल
- उप राष्ट्रपति जगदीप धनखड़ बोले प्रतिमा अद्भुत, अद्वितीय, मनोरम
नाथद्वारा,(एआर लाइव न्यूज)। भारत के उप राष्ट्रपति जगदीप धनखड़ ने मंगलवार को नाथद्वारा में श्रीनाथजी के दर्शन किए और इसके बाद विश्व की सबसे ऊंची शिव प्रतिमा “विश्वास स्वरूपम” (स्टेच्यू ऑफ बिलीफ) का अवलोकन किया। विधानसभा अध्यक्ष सीपी जोशी और संत कृपा सनातन संस्थान के ट्रस्टी मदन पालीवाल ने धनखड़ का स्वागत, अभिनंदन किया। इस दौरान राज्य सरकार के सहकारिता मंत्री उदयलाल आंजना भी मौजूद रहे।
प्रतिमा का अवलोकन करने के दौरान उप राष्ट्रपति जगदीप धनखड़ ने कहा यह प्रतिमा अद्भुत, अद्वितीय, मनोरम है। यहां उन्हें दूसरी बार आने का मौका मिला है। इससे पहले वे राज्यपाल रहते हुए आए थे।

शिव प्रतिमा का लोकार्पण महोत्सव 29 अक्टूबर से
श्रीनाथजी की नगरी नाथद्वारा में विश्व की सबसे बड़ी 369 फीट ऊंची शिव प्रतिमा विश्वास स्वरूपम का लोकार्पण महोत्सव 29 अक्टूबर से शुरू होगा। नौ दिवसीय कार्यक्रम के बीच इस प्रतिमा का लोकार्पण समारोह आयोजित होगा, जिसमें देश-विदेश के कई लोग भाग लेंगे।
इस प्रतिमा का लोकार्पण प्रख्यात संत एवं रामकथा वाचक मोरारी बापू करेंगे। इस प्रतिमा का निर्माण संत कृपा सनातन संस्थान के ट्रस्टी मदन पालीवाल ने कराया है। भगवान शिव की अल्हड़ रूप में बनाई प्रतिमा बेहद ही सौम्य है। नाथद्वारा की गणेश टेकरी पर बनी यह प्रतिमा 20 किलोमीटर दूर से ही नजर आने लग जाती है।



