आरसीसी, ईआरसीसी, डीएमएफटी, आरएसएमईटी फंड की होगी वसूली
जयपुर(एआर लाइव न्यूज)। राज्य सरकार ने खनन पट्टों से निकलने वाले खनिज पर देय राजस्व की वसूली के लिए 27 स्थानों के 53 रॉयल्टी ठेकों की ऑनलाईन नीलामी भारत सरकार के ई-पोर्टल पर 19 अक्टूबर से शुरू होकर 21 अक्टूबर तक चलेगी।
एसीएस माइंस डॉ.सुबोध अग्रवाल ने बताया कि ई-नीलामी की विस्तृत जानकारी विभागीय वेबसाइट व भारत सरकार के पोर्टल पर देखी जा सकती है। खनन पट्टों से निकाले जाने वाले खनिज पर वसूल किए जाने वाले रॉयल्टी कलेक्शन कॉन्ट्रेक्ट(आरसीसी), एक्सेस रॉयल्टी कलेक्शन कॉन्ट्रेक्ट(इआरसीसी), जिला स्तरीय मिनरल फाउंडेशन ट्रस्ट(डीएमएफटी), राज्य स्तरीय मिनरल एक्सप्लोरेशन ट्रस्ट(आरएसएमईटी) के लिए दिए जाएंगे।
शुल्क, अधिशुल्क वसूली के लिए दिए जा रहे हैं ठेके
अग्रवाल ने बताया कि ठेके मुख्यत: माइनर मिनरल्स ग्रेनाइट, जिप्सम, मार्बल मेसेनरी स्टोन, क्वार्टज, फैल्सपार, केलस्टाइन, सोपस्टोन, सिलिका सेंड, चेजा पत्थर, डायमंशनल स्टोन, केओलिन, रायोलाइट, रेड ऑका, येलो ऑकर, पट्टी कातला, चायना क्ले, वाइट क्ले व साधारण खडिया की खानों से आरआरसी, ईआरआरसी, डीएमएफटी, आरएसएमईटी के शुल्क, अधिशुल्क वसूली के लिए दिए जा रहे हैं।

27 अभियंताओं के क्षेत्राधिकार की खानों से संबंधित हैं
डॉ.अग्रवाल ने बताया कि 400 करोड़ रुपए से अधिक की आरक्षित राशि के इन ठेकों की ई-नीलामी सूूचना 8 अक्टूबर को जारी की गई थी। ये ठेके जयपुर, उदयपुर, राजसमंद, प्रतापगढ़, चित्तौड़ व डूंगरपुर सहित विभिन्न जिलों में 27 खनि अभियंताओं, सहायक खनि अभियंताओं के क्षेत्राधिकार की खानों से राजस्व वसूली से संबंधित हैं। खान विभाग के निदेशक प्रदीप गवांडे ने बताया कि दस करोड़ से अधिक की बिड राशि के ठेकों मेें ठेकेदार को स्वयं के खर्चें पर कम्प्यूटराइज्ड तुला यंत्र यानी की कम्प्यूटरीकृत तुलाई मशीन लगानी होगा।



