उदयपुर,(एआर लाइव न्यूज)। भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो उदयपुर की स्पेशल यूनिट ने झाड़ोल के गोरण पंचायत ग्राम विकास अधिकारी (वीडीओ) भैरूलाल को 40 हजार रूपए रिश्वत लेते रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। इस मामले में रोचक बात यह है कि आरोपी जिस ग्राम पंचायत का वीडीओ है, उसने उसी ग्राम पंचायत के सरपंच से यह रिश्वत राशि मांगी थी।
एडि.एसपी उमेश ओझा ने बताया कि परिवादी लोकेश कुमार झाड़ोल के गोरण पंचायत में सरपंच है और उसकी पत्नी के नाम से कंस्ट्रशन फर्म है। परिवादी ने पत्नी की फर्म के जरिए ग्राम पंचायत में सीसी रोड निर्माण कार्य सहित कुल दो निर्माण कार्य करवाए थे। इन निर्माण कार्य में लगी सामग्री के बिलों गोरण ग्राम विकास अधिकारी भैरूलाल पुत्र वजेराम मेघवाल ने रोक रखे थे। इन बिलों को ऑनलाइन दर्ज करने की एवज में वीडीओ भैरूलाल ने सरपंच लोकेश से 60 हजार रूपए रिश्वत मांगी।
परिवादी सरपंच ने परेशान होकर एसीबी में वीडीओ भैरूलाल की शिकायत की। एसीबी ने शिकायत का सत्यापन किया तो रिश्वत मांगे जाने की पुष्टि हुई। इस पर आज मंगलवार को एसीबी ने ग्राम विकास अधिकारी भैरूलाल को सरपंच से 40 हजार रूपए रिश्वत लेते रंगे हाथों गिरफ्तार किया है।




