सॉफ्टवेयर तैयार, 16 अक्टूबर से इसी से होगा काम
उदयपुर(एआर लाइव न्यूज)। यूआईटी में ऑन लाईन 90-क होने के पश्चात प्लान अनुमोदन आवंटन एवं पट्टा जारी करने की कार्यवाही भी अब ऑन लाईन होगी।
यूआईटी द्वारा कृषि भूमि नियमन के पश्चात आवंटन पत्र व पट्टे जारी करने की प्रक्रिया में सरलीकरण व पारदर्शिता लाने के लिये एनआईसी के माध्यम से ऑनलाईन सॉफ्टवेयर तैयार किया गया हैं। शुक्रवार को यूआईटी चेयरमैन ताराचंद मीणा ने इस सुविधा का शुभारंभ किया।
मीणा ने संबंधित 16 अक्टूबर 2022 के बाद ऑनलाईन सॉफ्टवेयर के माध्यम से ही प्लान अनुमोदन व आवंटन जारी करने के निर्देश दिये गये। एनआईसी के तकनिकी निदेशक मजहर हुसैन ने सॉफ्टवेयर की तकनिकी जानकारी दी। इस दौरान सचिव बालमुकुंद असावा, ओएसडी कृष्णपाल सिंह चौहान,भूमि अवाप्ति अधिकारी सुरेश खटीक, अधीक्षण अभियंता अनित माथुर भी मौजूद थे।

प्रत्येक स्तर पर प्रार्थी को सूचना प्राप्त होगी
यूआईटी सचिव बालमुकुन्द असावा ने बताया कि इस सॉफ्टवेयर के माध्यम से 90-क के पश्चात प्लान अनुमोदन की कार्यवाही, प्लान का कुल विवरण, प्लान के सुविधा क्षेत्र का विवरण, अनुमोदित प्लान की केएमएल फाईल ऑनलाईन प्राप्त हो सकेगी। प्लान अनुमोदन के पश्चात ऑनलाईन ही मांग पत्र प्रेषित किया जाएगा। राजस्व निरीक्षक की रिपोर्ट भी ऑनलाईन प्राप्त कर आवंटन पत्र भी ऑनलाईन ही बनेगा।
सचिव बालमुकुन्द असावा ने बताया कि आवंटन पत्र जारी होने के बाद राशि भी ऑनलाईन ही जमा कराई जाएगी। प्रत्येक स्तर पर प्रार्थी को सूचना प्राप्त होगी व प्लान अनुमोदन, आवंटन पत्र, पट्टा जारी करने की प्रक्रिया में पारदर्शिता बढऩे के साथ ही पत्रावलियों का समय पर निस्तारण भी हो सकेगा।



