झांसी (एआर लाइव न्यूज)। उत्तर प्रदेश के झांसी जिले के पास बबीना स्थित सेना के फायरिंग रेंज में गुरुवार देर शाम बड़ा हादसा हो गया। दैनिक अभ्यास के दौरान एक टी-90 टैंक का बैरल फट जाने से सेना के 2 जवान शहीद हो गए। जबकि गंभीर रूप से एक जवान का सेना अस्पताल में उपचार चल रहा है। एक प्रशासनिक अधिकारी ने शुक्रवार को हादसे की जानकारी दी।
टैंक से गोला दागते समय हुआ धमाका
अधिकारी ने बताया कि गुरुवार रात टी90 टैंक का दैनिक अभ्यास हो रहा था। इस दौरान संत कबीर नगर निवासी प्रदीप यादव, पश्चिम बंगाल निवासी एस. समानता एवं राजस्थान के नायब सूबेदार सुमेर सिंह बगारिया टैंक में सवार थे।
टैंक से गोला दागते समय यह जोरदार धमाके के साथ फैट गया। तीनों जवान गंभीर रूप से घायल हो गए, जिन्हे इलाज के लिए सेना अस्पताल बबीना में भर्ती कराया गया। इसमें सूमेर सिंह और एस. समानता की इलाज के दौरान मौत हो गई। प्रदीप यादव का उपचार जारी है। शहीद हुए जवानों के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है।
सेना ने घटना की जांच के लिए कोर्ट ऑफ इंक्वायरी का आदेश दे दिया है। सेना ने कहा कि यह घटना कैसे हुई, इसकी जांच की जा रही है।




