सरकार घर-घर बिजली की तरह इंटरनेट फॉर ऑल पर काम कर रही है : पीएम मोदी
नई दिल्ली,(एआर लाइव न्यूज)। देश में आज 1 अक्टूबर से 5-जी सेवा शुरू हो गयी है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने शनिवार को इंडियन मोबाइल कांग्रेस 5जी सर्विसेस लॉन्च की। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि 5जी ने अवसरों के अनंत आकाश की शुरुआत की है। मैं प्रत्येक भारतवासी को बहुत-बहुत बधाई देता हूं। आजादी के अमृत महोत्सव में आज की तारीख इतिहास में दर्ज होगी।
प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि 2014 में जीरो मोबाइल फोन एक्सपोर्ट से आज हम हजारों करोड़ के मोबाइल एक्सपोर्ट करने वाले देश बन चुके हैं। इन सारे प्रयासों का प्रभाव डिवाइस की कीमत पर पड़ा है। अब कम कीमत पर हमें ज्यादा फीचर्स भी मिलने लगे हैं। घर-घर बिजली, हर घर जल और हर घर गैस सिलेंडर की तरह सरकार इंटरनेट फॉर ऑल पर काम कर रही है। सरकार ने डिजिटल पेमेंट का रास्ता आसान बनाया। छोटा दुकानदार भी कहता है कैश नहीं, यूपीआई कर दीजिए।
पीएम मोदी ने कहा 5जी सेवा से नया भारत, टेक्नोलॉजी का सिर्फ कंज्यूमर बनकर नहीं रहेगा, बल्कि टेक्नोलॉजी के विकास में एक्टिव भूमिका निभाएगा। वायरलेस टेक्नोलॉजी को डिजाइन करने और उस से जुड़ी मैन्युफैक्चरिंग में भारत की बड़ी भूमिका होगी।

10 गुना बढ़ जाएगी इंटरनेट स्पीड
5जी के आने से इंटरनेट स्पीड 4जी की तुलना में करीब 10 गुना बढ़ जाएगी। दिल्ली के प्रगति मैदान में आज से टेलीकॉम इंडस्ट्री के बड़े इवेंट इंडियन मोबाइल कांग्रेस के छठे एडिशन की शुरूआत हुई है। ये इवेंट 4 दिन तक चलेगा।
जियो की 5जी सर्विस की शुरुआत 4 शहरों से
रिलायंस के चेयरमैन मुकेश अंबानी ने आज 5जी सर्विस लॉन्च के दौरान इंडियन मोबाइल कांग्रेस में कहा कि JIO के जरिए दिसंबर 2023 तक देश के हर कोने में 5जी सर्विस पहुंचेगी। हम दुनिया की तुलना में उच्च गुणवत्ता वाली और अधिक किफायती 5G सेवाओं को शुरू करेंगे। रिलायंस-JIO 5जी की शुरूआत 4 शहरों दिल्ली, कोलकाता, मुंबई, चेन्नई से करेगा।

एयरटेल ने की 8 शहरों से 5जी की शुरुआत
भारती-एयरटेल के चेयरमैन सुनील मित्तल ने 8 शहरों से 5जी की शुरुआत का ऐलान किया। इनमें दिल्ली, मुंबई, चेन्नई, वाराणसी, बेंगलुरु, हैदराबाद और सिलीगुड़ी है। एक और शहर का नाम अभी सामने नहीं आया है। एयरटेल का मार्च 2024 तक पूरे देश में 5जी सर्विस पहुंचाने का प्लान है।
वोडाफोन आइडिया ने प्रधानमंत्री को 5जी सर्विस के यूज का केस डेमोंस्ट्रेट किया। वीआई ने दिल्ली मेट्रो की एक निर्माणाधीन सुरंग में कामगारों की सुरक्षा केस 5जी की मदद से डेमोंस्ट्रेट किया। टनल में काम कर रहे लोगों से भी पीएम मोदी ने बात की।
गरबा गीत प्रमोशनल वीडियो


