जयपुर (एआर लाइव न्यूज)। वरिष्ठ तीर्थजन यात्रा योजना-2022 के तहत शुक्रवार को पहली ट्रेन रामेश्वरम (मदुरै) के लिए रवाना होगी। देवस्थान विभाग द्वारा 900 से अधिक वरिष्ठ नागरिकों को पहली ट्रेन से भेजा जाएगा। प्रथम चरण में यह ट्रेन जयपुर (दुर्गापुरा), सवाई माधोपुर और बारां से 991 यात्रियों को रामेश्वरम के दर्शन कराएगी।
देवस्थान मंत्री शकुंतला रावत ने बताया कि पहली ट्रेन शुक्रवार को दुर्गापुरा (जयपुर) से दोपहर 12 बजे रवाना होगी, जिसमें जयपुर जिले के 700 से अधिक यात्री यात्रा करेंगे। यह ट्रेन 2 बजे सवाई माधोपुर और 4.30 बजे बारां रेल्वे स्टेशन पर पहुंचेगी। उन्होंने बताया कि प्रथम चरण में जयपुर, सवाईमाधोपुर और बारां जिले के 991 यात्री भ्रमण कर सकेंगे। उन्होंने बताया कि लॉटरी द्वारा 1181 यात्रियों का चयन किया गया था जिनमें से 991 यात्रियों ने ही सहमति दी है। सभी यात्रियों को प्रातः 6 बजे दुर्गापुरा रेलवे स्टेशन पर पहुंचने के लिए सूचित किया जा चुका है, ताकि वे समस्त प्रक्रिया समय रहते पूर्ण कर सकें। इस यात्रा की अवधि सात दिन की होगी। प्रतीक्षा सूची के यात्रियों को आगामी ट्रेन में जगह की उपलब्धता पर भेजा जाएगा।
यात्रा के दौरान उपलब्ध सुविधाएं
देवस्थान आयुक्त राजेन्द्र भट्ट ने बताया कि प्रत्येक कोच में यात्रियों की सुविधा के लिए आईआरसीटीसी द्वारा टूर एस्कोर्ट की व्यवस्था की जाएगी। प्रत्येक कोच में अनआर्म्ड सुरक्षाकर्मी और हाउस कीपिंग स्टाफ रखा जाएगा। ट्रेन में यात्रियों से संवाद एवं सूचना के लिए पब्लिक एड्रेस सिस्टम रखा जाएगा, साथ ही यात्रियों को चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने के लिए डॉक्टर, पुरुष नर्स नर्सिंग कर्मी, महिला नर्सिंग कर्मी की टीम रहेगी। विभाग द्वारा प्रत्येक यात्री को एक किट उपलब्ध कराया जाएगा, जिसमें चादर, कंबल, टावल, साबुन, टूथपेस्ट, शीशा कंघा, तेल आदि उपलब्ध रहेंगे। इसके अलावा गंतव्य स्थल पर यात्रियों के प्रवास के लिए शेयरिंग आधार पर होटल में साफ-सुथरे कमरे और समय पर नाश्ता और भोजन की भी व्यवस्था रहेगी।
यात्रीगण अपने साथ इन्हें ले जाना ना भूलें
आयुक्त ने कहा कि यात्रा के दौरान वरिष्ठजन अपने साथ ऑनलाइन भरे गए आवेदन पत्र की हार्ड कॉपी (मय प्रमाणित चिकित्सीय प्रमाण-पत्र) मूल जनआधार/आधार कार्ड, दो पासपोर्ट साइज फोटो साथ लेकर आना अनिवार्य ना भूलें। साथ ही दैनिक उपयोग की सामग्री (आवश्यक दवाएं, व्यक्तिगत आवश्यकता के लिए कपडे) लाएं।


