कोटा,(एआर लाइव न्यूज)। कोटा शहर के नयापुरा थाने में गुरूवार रात युवक राधेश्याम मीणा ने आत्मदाह का प्रयास किया था। युवक ने खुद पर पेट्रोल डाला और आग लगा ली। युवक को जलता देख थाने सहित क्षेत्र में हड़कंप मच गया।
पुलिसकर्मियों ने कंबल डालकर आग बुझाई और उसे अस्पताल लेकर पहुंचे। जहां हालत गंभीर होने से जयपुर रैफर कर दिया गया है। युवक पार्षद के खिलाफ रिपोर्ट देने थाने आया था, लेकिन उसकी कोई सुनवाई नहीं हुई, इससे परेशान होकर उसने यह कदम उठाया।
इधर रातभर चले इस घटनाक्रम के विरोध में शुक्रवार को थाने पर पुलिस के खिलाफ भारी प्रदर्शन हुआ। भारतीय जनता पार्टी के नेता और कार्यकर्ता थाने पर पहुंचे और प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों ने पुलिस प्रशासन और मंत्री शांति धारीवाल पुतला जलाकर विरोध जताया।
राजस्थान विधानसभा में उपनेता प्रतिपक्ष राजेंद्र राठौड़ ने युवक के आत्मदाह की कोशिश का वीडियो पोस्ट करते हुए ट्वीट किया है और मुख्यमंत्री अशोक गहलोत को नाकाम गृहमंत्री बताकर उनकी आलोचना की है।

पार्षद के खिलाफ रिपोर्ट दी, लेकिन पुलिस ने एफआईआर दर्ज नहीं की
नयापुरा थाना क्षेत्र निवासी राधेश्याम मीणा के घर में पत्नी और एक बेटी, एक बेटा है। परिजनों ने बताया कि राधेश्याम नयापुरा इलाके का ही रहने वाला है। 5 सितंबर को पार्षद हरिओम सुमन के खिलाफ थाने में शिकायत देकर गया था। उसकी रिपोर्ट दर्ज नहीं की गई। वो बार-बार थाने के चक्कर लगा रहा था। परेशान होकर गुरुवार रात करीब आठ बजे वह पेट्रोल लेकर थाने में घुस गया और खुद को आग लगा ली।
थाना पुलिस पर हुई कार्रवाई : घटना के बाद कोटा शहर एसपी ने आदेश जारी कर नयापुरा थानाधिकारी भूपेंद्र सिंह को लाइन हाजिर कर, ड्यूटी ऑफिसर एएसआई सतीश और जांच अधिकारी एएसआई बच्चन सिंह को निलंबित कर दिया है।
पार्षद के साथ यह विवाद हुआ था
जानकारी के अनुसार युवक राधेश्याम ने क्षेत्र में बिजली पोल और केबल दुरूस्त करवाने की शिकायत पार्षद हरिओम सुमन को की थी। सुधार नहीं होने पर सोशल मीडिया पर राधेश्याम ने पोस्ट डाल दी थी, जिसके बाद राधेश्याम की पोस्ट से खफा पार्षद ने राधेश्याम से झगड़ा किया था। राधेश्याम ने आरोप लगाया है कि पार्षद हरिओम ने घर में घुसकर मारपीट की थी। इस घटनाक्रम के बाद राधेश्याम ने पार्षद के खिलाफ नयापुरा थाने में रिपोर्ट दी थी, लेकिन पुलिस ने उसकी रिपोर्ट दर्ज नहीं की।




