जयपुर,(एआर लाइव न्यूज)। जयपुर में सवाईमाधोपुर के युवक की ओनल किलिंग का मामला सामने आया है। युवक के भाई ने जयपुर के जवाहर सर्किल थाने में युवक की प्रेमिका के परिजनों पर अपहरण और पीट-पीट कर हत्या करने का मामला दर्ज करवाया है। युवक अधमरी हालत में करौली के टोडाभीम में पड़ा मिला था, जिसने हॉस्पिटल में उपचार के दौरान दम तोड़ दिया।
जानकारी के अनुसार सवाई माधोपुर के बजीरपुर निवासी दीपराम मीना ने उसके भाई रामप्रताप की हत्या का मामला दर्ज करवाया है। आरोप रामप्रताप की प्रेमिका के परिजनों पर लगाया है। दीपराम ने रिपोर्ट में बताया है कि रामप्रताप के बजीरपुर गांव में ही एक महिला से प्रेमसंबंध हो गए थे।
6 जुलाई को रामप्रताप घर से गहने-कैश चोरी कर महिला को साथ लेकर जयपुर आ गया था। जयपुर के जगतपुरा में किराए पर कमरा लेकर दोनों साथ रह रहे थे और रामप्रताप एक होटल में काम करने लगा था।

महिला के परिजनों को दोनों की लोकेशन पता चल गयी। 21 अगस्त को महिला के परिजन उनके कमरे पर पहुंच गए। वे लोग मारपीट कर दोनों को जबरन कार में डालकर ले गए और रामप्रताप को अधमरी हालत में करौली के टोडाभीम में सड़क पर फेंककर फरार हो गए। 22 अगस्त को रामप्रताप अधमरी हालत में करौली के टोडाभीम में मिला। पुलिस ने उसे अस्पताल पहुंचाया और परिजनों को सूचना दी। हॉस्पिटल में उपचार के दौरान रामप्रताप की मौत हो गयी। रामप्रताप के पूरे शरीर पर गंभीर मारपीट के निशान थे।


