नई दिल्ली (एआर लाइव न्यूज)। बांग्लादेश की पीएम शेख हसीना मंगलवार को 4 दिवसीय भारत दौरे पर आईं हैं। उन्होंने दिल्ली स्थित हैदराबाद हाउस में पीएम नरेंद्र मोदी से मुलाकात की। पीएम मोदी व पीएम शेख हसीना ने मुलाकात के दौरान कई मुद्दों पर चर्चा की। दोनों नेताओं ने कुशियारा नदी से जल बंटवारे जैसे महत्वपूर्ण समझौते सहित कई समझौतों पर हस्ताक्षर किए।
पीएम नरेंद्र मोदी व पीएम शेख हसीना ने बैठक संपन्न होने के बाद संयुक्त प्रेस वार्ता को संबोधित किया। पीएम मोदी ने कहा कि पिछले वर्ष बांग्लादेश की स्वतंत्रता की 50वीं वर्षगांठ, बंगबंधु शेख मुजीबुर रहमान की जन्म शताब्दी और हमारे रणनीतिक संबंधों की स्वर्ण जयंती को एक साथ मनाया था। हमने पिछले वर्ष 6 दिसंबर को पहला ‘मैत्री दिवस’ भी साथ मिलकर मनाया।
बांग्लादेश भारत का बड़ा व्यापारिक पार्टनर
उन्होंने कहा कि बांग्लादेश भारत का बड़ा व्यापारिक पार्टनर है। हमने आईटी, अंतरिक्ष और न्यूक्लियर एनर्जी जैसे सेक्टर में भी सहयोग बढ़ाने का निश्चय किया है। हम जलवायु परिवर्तन और सुंदरबन जैसी साझा धरोहर को संरक्षित रखने पर भी सहयोग जारी रखेंगे। उन्होंने कहा कि कुशियारा नदी से जल बंटवारे पर एक महत्वपूर्ण समझौते पर हस्ताक्षर से भारत में दक्षिणी असम और बांग्लादेश में सिलहट क्षेत्र को लाभ होगा।

आतंकवाद और कट्टरवाद के खिलाफ सहयोग पर भी जोर दिया
पीएम मोदी ने आतंकवाद और कट्टरवाद के खिलाफ सहयोग पर भी जोर दिया। उन्होंने बांग्लादेश को आगाह करते हुए कहा कि वे आघात करने वाली शक्तियों से सावधान रहें, हम ऐसी शक्तियों का मिल कर मुकाबला करें। पीएम मोदी ने कहा कि दोनों देशों का द्विपक्षीय सहयोग काफी ज्यादा है। उम्मीद है कि परमाणु क्षेत्र में भी दोनों देश सहयोग बढ़ाएंगे।
पीएम शेख हसीना ने मुजीब छात्रवृत्ति की घोषणा की
प्रधानमंत्री शेख हसीना ने प्रेसवार्ता को संबोधित करते हुए भारत सरकार को आजादी का अमृत महोत्सव के सफल समापन की बधाई दी। उन्होंने इस बैठक के बाद तीस्ता नदी जल विवाद जल्द सुलझा लेने की उम्मीद जताई है। उन्होंने दिल्ली में 1971 के बांग्लादेश मुक्ति संग्राम में मारे गए या गंभीर रूप से घायल हुए भारतीय सैनिकों के वंशजों के लिए मुजीब छात्रवृत्ति की घोषणा की। पीएम हसीना के पिता बंगबंधु शेख मुजीबुर रहमान के नाम का ये पुरस्कार बुधवार को प्रदान किए जाएंगे।



