हेरोइन ड्रग्स से भी ज्यादा महंगी और घातक MDMA ड्रग्स उदयपुर में करता है सप्लाई
कई रईस और मध्यमवर्ग परिवारों के युवा इस नशे की गिरफ्त में
उदयपुर,(एआर लाइव न्यूज)। उदयपुर पुलिस ने बीती रात बड़ी कार्रवाई को अंजाम देते हुए कुख्यात तस्कर को गिरफ्तार कर उससे हथियारों का जखीरा, 70 कारतूस, 20000 रूपए के नकली नोट सहित सबसे महंगी बिकने वाली 330 ग्राम MDMA ड्रग्स बरामद की है। प्रतापगढ़ निवासी दिपेश कुमार पाटीदार बीते 3 सालों में उदयपुर में बड़ी मात्रा में एडवांस हथियार और एमडीएमए ड्रग्स सप्लाई कर चुका है। पकड़ी गयी 330 ग्राम एमडीएमए की कीमत करीब 15 लाख रूपए आंकी जा रही है।
इस तस्कर का रसूक भी इतना है कि काली कमाई को सफेद करने के लिए इसने उदयपुर में उंची बोली लगाकर आबकारी विभाग से शराब का ठेका तक लिया हुआ है। इसकी तस्कर की गिरफ्तारी पुलिस के लिए इसलिए भी महत्वपूर्ण है, क्यों कि उदयपुर में सप्लाई होने वाले अवैध हथियार और ड्रग्स का मुख्य तस्कर यही है। यही उदयपुर के छोटे-छोटे पैडलर्स व बदमाशों को ड्रग्स और हथियारों की सीधी सप्लाई करता है।
एसपी विकास शर्मा ने बताया कि कुख्यात तस्कर और उदयपुर का बड़ा ड्रग व हथियार सप्लायर प्रतापगढ़ हाल उदयपुर ठोकर निवासी दिपेश कुमार पाटीदार (32 पुत्र) नाथुलाल पाटीदार को गिरफ्तार किया है। आरोपी के कब्जे से और उसकी स्कॉर्पियो गाड़ी से 2000 के दस नोट कुल 20 हजार रूपए के नकली नोट, 330 ग्राम एमडीएमए ड्रग्स, 2 अवैध पिस्टल, 2 अवैध रिवॉल्वर और 70 जिंदा कारतूस बरामद किए हैं। आरोपी ये सभी अवैध हथियार, ड्रग्स और जाली नोट उदयपुर में पैडलर्स और कुख्यात बदमाशों को सप्लाई करने लाया था।
रात्रि गश्त में धरा गया तस्कर

एडि.एसपी चन्द्रशील ठाकुर ने बताया कि प्रतापनगर थाना पुलिस बीती रात गश्त कर रही थी, पुलिस टीम ठोकर चौराहे के नजदीक पहुंची थी कि जयराम कॉलोनी में थैला लेकर एक व्यक्ति जाते हुए दिखाई दिया, पुलिस को देखकर उसने थैला छुपाने का प्रयास किया और पास खड़ी उसकी स्कॉर्पियो गाड़ी से भागने की फिराक में था, कि पुलिस ने उसे धरदबोचा। तलाशी में उससे अवैध पिस्टल, रिवॉल्वर, कारतूस, नकली नोट और एमडीएमए ड्रग्स बरामद हुई।

एमडीएमए नशे की गिरफ्त में उदयपुर के कई युवा
तस्कर दिपेश पाटीदार एमडीएमए ड्रग्स उदयपुर में बड़ी मात्रा में सप्लाई कर यहां के युवाओं की जिंदगी बरबाद कर रहा है, क्यों कि ये ड्रग्स इतनी महंगी है कि इसे उदयपुर में अफीम या ब्राउन शुगर लेने वाले गरदुल्ले (नशेड़ी,अफीमची) खरीद ही नहीं सकते। उदयपुर में रईस घरों के बच्चे इस ड्रग्स की चपेट में आ रहे हैं। ये जितनी महंगी हैं, उतनी ही ज्यादा स्वास्थ्य के लिए घातक भी है। ड्रग पैडलर्स, अवैध बार व हुक्का बार के जरिए यह रईस परिवारों के युवाओं तक पहुंचाई जाती है।
कार्रवाई करने वाली टीम : थानाधिकारी दर्शन सिंह के नेतृत्व में हेडकांस्टेबल तखत सिंह, गोविंद सिंह, कांस्टेबल नागेन्द्र सिंह, अचलाराम, राजुराम, गुजानाराम की टीम ने यह कार्रवाई की है।



