- नारायण सेवा संस्थान निशुल्क दिव्यांग एवं निर्धन सामूहिक विवाह समारोह : गीत अंताक्षरी के बीच हुई हल्दी, मेहंदी की रस्में
- बिंदोली में बैंड-बाजे की धुन के बीच महिलाओं ने किया गरबा
उदयपुर,(एआर लाइव न्यूज)। नारायण सेवा संस्थान की ओर से हो रहे निशुल्क दिव्यांग एवं निर्धन सामूहिक विवाह समारोह की आज रविवार से शुरूआत हुई। जहां दिन में गीत-अंताक्षरी के बीच 51 दुल्हा-दुल्हनों की एक साथ हल्दी, मेहंदी की रस्में हुईं, तो शाम को दुल्हा-दुल्हन की भव्य बिंदोली निकली। 51 वर-वधु के जोड़े टाउन हॉल में बग्गियों पर सवार हुए। बिंदोली जब शहर भ्रमण पर निकली तो एक साथ इतनी बग्गियों में जोड़ों को देखकर आम लोग भी हर्षोल्लासित हो उठे।
नारायण सेवा संस्थान अध्यक्ष प्रशांत अग्रवाल ने बताया की सोमवार सुबह बड़ी स्थित संस्थान परिसर में विवाह समारोह आयोजित होगा। इसमें राजस्थान, बिहार, गुजरात, उत्तर प्रदेश आदि राज्यों के 51 दिव्यांग एवं निर्धन जोड़े जनम-जनम के साथी बनेंगे ।
बिंदोली पर बरसे फूल

सामूहिक विवाह की पूर्व संध्या पर निकली बिन्दोली को संस्थान संस्थापक पद्मश्री कैलाश मानव, महापौर गोविन्द सिंह टांक, उप महापौर पारस सिंघवी व संस्थान अध्यक्ष प्रशांत अग्रवाल ने हरी झण्डी दिखाकर नगर निगम परिसर से रवाना किया। बिंदोली सूरजपोल, बापू बाजार, देहलीगेट, टाऊन हॉल रोड होते हुए पुनः निगम परिसर में पहुंची।
बिन्दोली में विभिन्न प्रांतो से आए अतिथियों ने दिव्यांगों पर स्नेह का ऐसा उल्लास बिखेरा कि जहां से भी बिन्दोली गुजरी वहां खड़े लोगों ने फूल बरसाते हुए झूम उठे। लकदक रोशनी के साथ निकली इस बिन्दोली में 51 जोड़े बग्गी-जीपों में सवार थे। बिन्दोली में शामिल स्त्री-पुरुषों ने विवाह के गीतों पर जमकर ठुमके लगाए। इस अवसर पर ट्रस्टी देवेंद्र चौबीसा, भगवान प्रसाद गौड़, नरेंद्र सिंह मौजूद रहे।
हल्दी रस्म में शामिल हुए 1200 अतिथि

सामूहिक विवाह समारोह के पहले दिन रविवार को 1200 अतिथियों की मौजूदगी में 51 जोड़ों की हल्दी-मेहंदी रस्म हुई। विवाह गीतों की धुनों के बीच परिजनों एवं कन्यादानियों ने दुल्हा-दुल्हनों को हल्दी का उबटन लगाकर हल्दी रस्म निभाई। इसके बाद संस्थान सहसंस्थापिका कमला देवी अग्रवाल एवं निदेशक वंदना अग्रवाल ने जोड़ों को पंक्तिबद्ध बैठाकर हाथों और पांवों में मेहंदी लगाई।
इस दौरान जब अतिथियों की दो टीमों के बीच विवाह गीतों की अन्ताक्षरी हुई, तो कई अतिथियों जमकर ठुमके लगाए। संस्थापक चैयरमेन पद्मश्री कैलाश मानव के सानिध्य में अतिथि सत्कार समारोह हुआ, जिसमें अतिथियों का मेवाड़ी परम्परा से अभिनन्दन किया गया। इस दौरान शहर के प्रमुख समाज सेवी हरिश राजानी, कमल पाहुजा एवं श्रद्धा गट्टानी ने परिणय सूत्र में बांधने वाले जोड़ों को अग्रीम आशीष दिया।




