गोंडा,(एआर लाइव न्यूज)। उत्तर प्रदेश के गोंदा जिले में शुक्रवार रात एक सड़क हादसे में करीब 24 लोग घायल हो गए हैं। घायलों को एम्बुलेंस की मदद से जिला अस्पताल में भर्ती करवाया गया है। अपर मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ टीपी जायसवाल ने बताया कि अब तक 24 से अधिक लोगों को अस्पताल में भर्ती किया जा चुका है। जिसमें 3 लोगों की हालत नाजुक बताई जा रही है
आधिकारिक सूत्रों ने बताया कि बलरामपुर जिले के ललिया थाना क्षेत्र के मथुरा बाजार कस्बे से शुक्रवार सुबह डीएसीएम सवार होकर 30-35 लोग परिचित की मां के अंतिम संस्कार में शामिल होने अयोध्या गए थे।
अंतिम संस्कार के बाद घर लौटते समय शुक्रवार रात करीब 10 बजे गोंडा-बलरामपुर राजमार्ग पर सुभागपुर रेलवे स्टेशन के पास गाड़ी के सामने अचानक कोई जानवर आ गया, जिससे डीसीएम चालक गाड़ी से नियंत्रण खो बैठा और गाड़ी अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खाई में पलट गयी। घटना की सूचना मिलते ही थाना प्रभारी इंस्पेक्टर तिवारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और सभी घायलों को अस्पताल पहुंचाया।
अपर मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ टीपी जायसवाल के अनुसार अस्पताल में भर्ती हुए घायलों में बदलू राम तिवारी, ब्याकुल प्रसाद, महराजी देवी, ननकना, मीरा देवी सरपंच, सुमन, राजा तिवारी, दामोदर तिवारी, उर्मिला मिश्रा, आरती मिश्रा, शिवा मिश्रा, जावन्ती, राकेश शुक्ला, राम किशोर, अनिल शुक्ला आदि शामिल हैं ।


