पुलिस, एसडीआरएफ और सिविल डिफेंस की टीम कर रही सर्च ऑपरेशन
उदयपुर,(एआर लाइव न्यूज)। अंबामाता थाना क्षेत्र के लोयरा से राठौड़ों का गुड़ा क्षेत्र को जोड़ने वाली पुलिया को पार करते समय गुरूवार सुबह बाइक सवार दंपत्ति बेदला नदी में बह गए। बाइक सवार दंपत्ति लोयरा से बीएसएफ छावनी की तरफ मजदूरी पर जा रहे थे।
सूचना मिलते ही अंबामाता पुलिस, एसडीआरएफ और सिविल डिफेंस की टीम मौके पर पहुंची। काफी मशक्कत और तलाश के बाद उस बाइक को तो नदी से निकाल लिया गया, जिस पर दंपत्ति सवार थे, हालांकि देर शाम तक दंपत्ति का कुछ पता नहीं चल सका। पुलिस ने बाइक नंबर के आधार पर पता किया तो बाइक सवार दंपत्ति की पहचान रामा ग्राम पंचायत के हिंडोली गांव निवासी प्रेमलाल (40) और इसकी पत्नी धापू बाई गमेती (38) के रूप में हुई है।
पानी का बहाव तेज था, पुलिया पर अनियंत्रित होकर गिरे और बह गए
प्रत्यक्षदर्शी महिला ने बताया कि पुलिया के उपर से नदी का पानी बह रहा था। ज्यादातर लोग दूसरे छोर पर रूके हुए थे। इसी दौरान एक बाइक पुलिया पर आ गयी। बाइक पुरूष चला रहा था और पीछे महिला बैठी थी। पुलिया पार करते समय बीच में बाइक अंनियत्रित हो कर गिर गयी और पानी के तेज बहाव में बाइक सवार महिला-पुरूष नदी में बह गए और कुछ ही सैकंड्स में आंखों से ओझल हो गए।

चार दिन पहले भी बहे थे दो युवक, एक अब भी लापता
गौरतलब है कि जिले में चार दिन पहले भी ऐसा ही हादसा हुआ था, डबोक के नांदवेल में बहते पानी के बीच पुलिया पार करते समय बाइक सवार दो युवक बह गए थे। इसमें से एक युवक का शव तो मिल गया था, लेकिन दूसरा युवक अब भी लापता है।
ऐसे में लोगों से अपील है कि नदी में वेग से बहते पानी के बीच पुलिया या रपट पार करने का रिस्क नहीं उठाएं। पानी का वेग तेज होने के चलते कई जगह नदी-नालों पर पुलिया या रपट बीच में से क्षतिग्रस्त हो गयी हैं, जिसका अंदाजा वाहन चालक को नहीं होता है। ऐसे में बहते पानी के बीच पुलिया पार करने के दौरान वाहन का संतुलन बिगड़ते ही हादसे का शिकार होने का अंदेशा बना रहता हैं।



