पटना,(एआर लाइव न्यूज)। केन्द्रीय जांच ब्यूरो सीबीआई ने बुधवार को नौकरी के बदले जमीन मामले में बिहार में तेजस्वी यादव के नेतृत्व वाली राष्ट्रीय जनता दल राजद के तीन वरिष्ठ नेताओं के घर और अन्य ठिकानों पर छापे मारे हैं। मामला तब का है, जब यूपीए-1 में राजद सुप्रीमो लालू प्रसाद यादव रेल मंत्री थे।
सीबीआई के इन छापों को लेकर चर्चा इसलिए भी रही क्यों कि आज ही बिहार में मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के नेतृत्व में हाल ही बनी महागठबंधन की सरकार का फ्लोर टेस्ट था। इसमें नीतीश कुमार ने 243 में से 164 विधायकों का बहुमत हासिल किया है।
सीबीआई की टीमें आज सुबह ही राजद राज्यसभा सांसद अहमद अशफाक करीम, डॉ फैयाज अहमद और बिहार विधान परिषद सदस्य सुनील सिंह के घर पहुंच गयी।
गौरतलब है कि राजद प्रवक्ता ने कल रात ही ट्वीट कर दिया था कि सीबीआई और अन्य केंद्रीय एजेंसियां छापेमारी की तैयारी कर रही हैं, क्योंकि भाजपा बिहार में सत्ता गंवाने के बाद से बौखलाई हुई है।




