कनक हॉस्पिटल के डॉ. अमित धींग ने प्राधिकरण की बात को समझा और मरीज का बिल किया माफ
उदयपुर,(एआर लाइव न्यूज)। कुलदीप शर्मा एडीजे एवं सचिव जिला विधिक सेवा प्राधिकरण उदयपुर के सहयोग से शहर के कनक अस्पताल के डॉ. अमित धींग ने मरीज का 2 लाख का बिल माफ किया है। इस पर एडीजे कुलदीप शर्मा ने डॉ. धींग को उनके सराहनीय कार्य के लिए सम्मानित किया।
जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की ओर से एसटी/एससी वर्ग के सहयोग और अत्याचारों को रोकने का अभियान पूरे जिले में 16 अगस्त से शुरू किया गया है। 16 अगस्त को ही जिला विधिक सेवा प्राधिकरण सचिव एडीजे कुलदीप शर्मा के कार्यालय में कनक हॉस्पिटल में भर्ती मरीज के रिश्तेदार अधिवक्ता अशोक कुमार साहू, मानसिंह शेखावत, ज्ञानेन्द्र सिंह और सुमित जाटव के साथ आए।
उन्होंने प्रार्थनापत्र प्रस्तुत कर बताया कि प्रार्थी के भाई का बस एक्सीडेंट हो गया था, जिससे उसका पैर चार जगह से फ्रैक्चर हो गया था, इलाज के लिए वह दो माह से कनक हॉस्पिटल में भर्ती था। प्रार्थी का भाई अब पूरी तरह ठीक हो गया है, लेकिन आर्थिक स्थिति बेहद कमजोर होने के कारण हॉस्पिटल का 2 लाख रूपए बिल का भुगतान करने की स्थिति में वह नहीं है।

प्राधिकरण सचिव मरीज से अस्पताल में जाकर मिले
इस पर जिला विधिक सेवा प्राधिकरण सचिव एडीजे कुलदीप शर्मा ने अस्पताल प्रबंधन से बातचीत की और मरीज व उसके परिवारवालों से अस्पताल जाकर मिले। एडीजे कुलदीप शर्मा ने अस्पताल प्रबंधन से मरीज के अस्पताल में भर्ती होने से लेकर अब तक के ईलाज का विवरण लिया। जिसमें बताया गया कि मरीज का पैर चार जगह से फ्रैक्चर था, जिसके कारण उसका 4 बार ऑपरेशन करना पड़ा और प्लास्टिक सर्जरी भी की गयी। मरीज को ठीक होने से 2 महीने लग गए, तब तक वह हॉस्पिटल में भर्ती रहा।
एडीजे कुलदीप शर्मा ने डॉक्टर अमित धींग से बातचीत की कि मरीज ग्रामीण क्षेत्र का होकर एसटी वर्ग का है और घर की स्थिति खराब है। इस पर डॉ अमित धींग ने मरीज की स्थिति को समझा और उसका 2 लाख रूपये का बिल माफ कर दिया ।


