उदयपुर/गोगुंदा,(एआर लाइव न्यूज)। गोगुंदा थाना क्षेत्र में कठार नदी में दो चचेरे भाई बह गए। सोमवार शाम दोनों चचेरे भाई साइकिल लेकर खेलने निकले थे। कठार नदी के किनारे एक बच्चे का पैर फिसल गया, उसे डूबता देख बचाने के लिए दूसरा भाई भी नदी में कूद गया। हादसे में दोनों बच्चों की मौत हो गयी।
गोगुंदा पुलिस ने बताया कि हादसे में जयवीर सिंह 12 पुत्र खुमान सिंह मोजावत और दक्ष सिंह 13 पुत्र हिम्मत सिंह मोजावत की मौत हुई है। दोनों बच्चे कल शाम खेलने के लिए साइकिल से निकले थे। खेलते-खेलते दोनों कठार नदी के किनारे पहुंच गए। नदी का बहाव तेज होने से बच्चे खुद को संभाल नहीं पाए और नदी में बह गए।
देर शाम तक बच्चे जब घर नहीं लौटे तो परिजनों ने ग्रामीणों के साथ मिलकर उनकी तलाश शुरू की। दोनों बच्चों की साइकिल नदी के किनारे पड़ी मिली। ग्रामीणों ने सर्च अभियान शुरू किया, तो नदी में एक गड्ढे के पास दोनों के शव दिखाई दिए। ग्रामीणों ने काफी मशक्कत से दोनों शवों को नदी से बाहर निकाला। मंगलवार को दोनों चचेरे भाइयों का अंतिम संस्कार एक साथ एक ही चिता पर किया गया।




