उफान पर आ सकते नदी-नाले: पिकनिक पर जा रहे हैं, तो सावधान रहें
उदयपुर(एआर लाइव न्यूज)। मेवाड़ सहित राजस्थान के कई स्थानोंं पर मानसून फिर सक्रिय होने की स्थिति में है। ऐसे में अगले तीन-चार दिन यदि आप पहाड़ी क्षेत्र और बांधों के आसपास पिकनिक मनाने जा रहे तो विशेष सावधानी बरतें। भारी से अति भारी बारिश होने की स्थिति में नदी-नाले उफान पर भी आ सकते हैं।
मौसम विभाग के अनुसार उत्तरी बंगाल की खाड़ी में बना कम दबाव का क्षेत्र आज तीव्र होकर अति गहरा कम दबाव में परिवर्तित हो गया है। इसके असर से अगले चार दिन राजस्थान मेंं मानसून सक्रिय रहेगा। इसका 15, 16 और 17 अगस्त को काफी असर देखने को मिल सकता है। इसमें उदयपुर संभाग के जिले भी शामिल है। उदयपुर संभाग में 15 अगस्त को मानसून की सक्रियता का असर ज्यादा रह सकता है। इस दौरान कहीं कहीं भारी से अति भारी बारिश होने की संभावना भी है। मौसम विभाग के इस अनुमान को ध्यान में रखते हुए आमजन को भी सावचेत रहने की जरूरत है।

दो दिन पहले ही उबेश्वरजी क्षेत्र में फंस गए थे कई लोग
शुक्रवार को उबेश्वर जी क्षेत्र में तेज बारिश होने से मोरवानिया नदी उफान पर आने से शहर से पिकनिक मनाने गए 50-60 लोग बीच रास्ते में ही फंस गए थे। रपट पर पानी का बहाव तेज होने से इनकी 15-20 गाडिय़ां नदी पार नहीं कर पायी। पुलिस को इसकी सूचना मिलने पर उदयपुर से बचाव दल मौके पर भेजा गया। बड़ी मुश्किल से इन लोगों को रपट पार करवाकर सुरक्षित निकाला जा सका। पहले लोगों को सुरक्षित निकाला गया उसके बाद इनके वाहन निकाले गए। रात करीब 9 बजे ये लोग शहर की तरफ रवाना हो सके।

बाड़मेर में 24 घंटे में 6 इंच बारिश
मौमस विभाग के अनुसार राजस्थान में बीते 24 घंटे में कई जगह तेज बारिश हुई। बाड़मेर में सबसे ज्यादा 154 मिलीमीटर यानी करीब 6 इंच बारिश हुई है। बाड़मेर के ही बेतूं में 146, रामसर में 113, बालोतरा 73, पाली के सरदारसमंद में 125,राजसागर चौपड़ा 95, भरतपुर के नगर में 81, दौसा के मोरल बांध 110, रामगढ़ पचवाड़ा 91, लालसोट 78, जोधपुर के लूनी में 80, सवाईमाधोपुर के ढील में 115, मलराना डूंगर 108, खंडार 92, बोनली 90, मित्रपुरा 89 और उदयपुर संभाग में देवास में 25 मिलीमीटर बारिश हुई।



