जयपुर(एआर लाइव न्यूज)। खान विभाग द्वारा मेजर मिनरल मैगनीज की रुपाखेडा और ताम्बेसरा खनिज ब्लॉक की कंपोजिट लाइसेंस के लिए ई-नीलामी की तैयारी कर ली गई है।
खान मंत्री प्रमोद जैन भाया ने बताया कि 16 अगस्त को मैगनीज के इन दोनों ब्लॉकों की ई-नीलामी के लिए निविदा जारी की जाएगी। इसके साथ ही राजसमंद जिले के नेगडिय़ा ब्लॉक में खनन पट्टे की ई-नीलामी 8 सितंबर को की जाएगी। पिछले दिनों ही बांसवाड़ा के कालाखूंटा में रिजर्व प्राइस से 12.11 प्रतिशत प्रीमियम पर मैगनीज खनिज की कंपोजिट लाइसेंस की सफल नीलामी की गई है।

बांसवाड़ा और राजसमंद में मैगनीज के 20 मिलियन टन भण्डार खोजे गए हैं
एसीएस माइंस डॉ.सुबोध अग्रवाल निर्देशों पर पहली बार कालाखूंटा मैगनीज ब्लॉक के कंपोजिट लाइसेंस के लिए सफल ई-नीलामी की गई। अब रुपाखेड़ा और ताम्बेसरा माइनिंग ब्लॉक के कंपोजिट लाइसेंस की ई-नीलामी की जा रही है। गौरतलब है कि राज्य में बांसवाड़ा और राजसमंद जिले में मैगनीज के 20 मिलियन टन भण्डार खोजे गए हैं।
एक मोटे अनुमान के अनुसार बांसवाड़ा के कालाखूंटा, ताम्बेसरा, रुपाखेड़ा, नवागांव में करीब 17 मिलियन टन संभावित भण्डार है। राजसमंद के देलवाड़ा तहसील के नेगडिय़ा में 2.16 मिलियन टन भण्डार होने का अनुमान है। माइनिंग ब्लॉक्स के कंपोजिट लाइसेंस के अनुसार संबंधित लाइसेंसधारी द्वारा पहले खनिज के अनुमानित भण्डार की खोज का कार्य किया जाएगा व उसके बाद खनन पट्टा जारी होगा।



