पटना,(एआर लाइव न्यूज)। बिहार में नीतीश कुमार के नेतृत्व में बुधवार को महागठबंधन की सरकार बन गयी। नीतीश कुमार ने मुख्यमंत्री और तेजस्वी ने उपमुख्यमंत्री पद की शपथ ली। राज्यपाल फागू चौहान ने उन्हें पद और गोपनीयता की शपथ दिलाई। नीतीश कुमार ने बिहार के मुख्यमंत्री पद की आठवीं बार शपथ ली है, वहीं तेजस्वी दूसरी बार उपमुख्यमंत्री बने हैं।
मुख्यमंत्री पद की शपथ से पहले नीतीश कुमार ने लालू प्रसाद यादव से फोन पर बात की। तेजस्वी के शपथ समारोह में मां राबड़ी देवी भी राजभवन पहुंचीं, हालां कि पिता राजद सुप्रीमो लालू प्रसाद यादव खराब सेहत के कारण नहीं आ सके।
नए स्पीकर का चुनाव होगा और नीतीश मंत्रीमंडल का गठन करेंगे
महागठबंधन बिहार विधानसभा में भाजपा के स्पीकर विजय कुमार सिन्हा के खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव लेकर आया है। अब नए विधानसभा अध्यक्ष का चुनाव होगा। वहीं नीतीश कुमार तेजस्वी के साथ मिलकर नई सरकार के कैबिनेट का गठन करेंगे, इसके बाद मंत्रियों को शपथ दिलाई जाएगी। महागठनबंधन के शामिल होने वाली अन्य पार्टियों ने भी मंत्री पद की मांग रखी है।

भाजपा नेता पार्टी मुख्यालय के बाहर धरने पर बैठे
जद(यू) और भाजपा के गठबंधन की सरकार गिरने और महागठबंधन की सरकार बनने से नाराज भाजपा के नेता पार्टी मुख्यालय के बाहर धरने पर बैठ गए हैं। भाजपा नेताओं ने नीतीश कुमार पर विश्वासघात का आरोप लगाया है।



