सीएम ने संभागीय आयुक्त को दिए घटना की जांच के आदेश
सीकर(एआर लाइव न्यूज)। सीकर जिले में खाटूश्यामजी मंदिर परिसर में सोमवार सुबह अचानक भगदड़ मचने से तीन श्रद्धालुओं की मौत हो गई। इस हादसे में कई श्रद्धालु घायल भी हुए है।
खाटूश्यामजी में पुत्रदा एकादशी का मासिक मेला भरा था, जिसमें देर रात से ही बड़ी संख्या में श्रद्धालु खाटूश्याम जी के दर्शन के लिए आना शुरू हो चुके थे। सोमवार तडक़े आरती के समय पट बंद किए गए। इसी दौरान श्रद्धालुओं की भीड़ बढ़ी और अचानक भगदड़ मच गई। भीड़ में नीचे गिरने से तीन महिला श्रद्धालुओं की मौत हो गई। मृतकों के परिजनों को पांच पांच लाख और घायलों को 20-20 हजार की सहायता देने की घोषणा की गई है।
पुलिस और प्रशासन के अधिकारी भी मौके पर पहुंचे
घायलों को जयपुर रेफर कर दिया गया,मामूली घायलों को खाटूश्यामजी सीएचसी में प्राथमिक इलाज किया गया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन के अधिकारी भी मौके पर पहुंचे। सीएम अशोक गहलोत ने संभागीय आयुक्त से घटना के जांच के आदेश दिए है।




