कुशलगढ़ में 24 घंटे में सवा चार इंच बारिश
उदयपुर(एआर लाइव न्यूज)। प्रदेश में मानसून फिर से सक्रिय होने लगा है। शुक्रवार सुबह उदयपुर शहर में करीब दो घंटे तेज बारिश का दौर चला। शहर में 45 मिलीमीटर बारिश हुई जबकि सुबह आठ बजे तक 24 घंटे में बांसवाड़ा के कुशलगढ़ में 115 मिलीमीटर बारिश हुई।
शहर में सुबह करीब सवा पांच बजे से बारिश का दौर शुरू हुआ जो करीब दो घंटे तक चला। हालांकि पूरे शहर मेंं एक जैसी बारिश नहीं हुई। फतहसागर के पास स्थित जलसंसाधन विभाग की गैंगहट पर 11 मिलीमीटर, चेतक मोहता पार्क के पास स्थित विभाग के वर्षा मापक केंद्र पर 16 और गिर्वा तहसील कार्यालय के वर्षा मापक केंद्र पर 45 मिलीमीटर बारिश मापी गई। शुक्रवार सुबह 8 बजे तक मेवाड़ में सबसे अधिक 115 मिलीमीटर बारिश बांसवाड़ा के कुशलगढ़ में हुई। भराई राजसमंद 60, जाखम 70, आसपुर 53, छोटी सादड़ी 69, बागोलिया 69, जयसमंद 49, सलूम्बर 51, नाई 51, ओगणा 51, उदयसागर 65, वल्लभनगर 50, नया गांव 63, लसाडिय़ा 57 और डबोक में 53 मिलीमीटर बारिश हुई।

पीछोला के कैचमेंट में उम्मीद अनुरूप नहीं बरसे बादल
पीछोला के कैचमेंट में इस बार भी बारिश लोगों की उम्मीद अनुरूप नहीं बरसे। नाई क्षेत्र में 51 मिलीमीटर बारिश हुई,लेकिन इसके आगे के क्षेत्रोंं में तेज बारिश नहीं होनेे से सीसारमा में बहाव तेज नहीं हो पाया है। सीसारमा नदी में 1 फीट बहाव होने से पीछोला में धीमी आवक जरूर हो रही है, लेकिन इससे पीछोला के जलस्तर में तेजी से बढ़ोतरी नजर नहीं आ रही। इधर फतहसागर का जलस्तर तीन इंच और बढक़र 12 फीट 5 इंच हो गया है। मदार के तालाब पर चादर कम होनेे से मदार नहर से फतहसागर में आवक अब धीमी पड़ गई है।

पूर्वी राजस्थान में जारी रहेगा बारिश का दौर
मौसम विभाग के अनुसार पूर्वी राजस्थान के ऊपर एक परिसंचरण तंत्र बना हुआ है तथा मानसून ट्रफ लाइन भी अपने सामान्य स्थिति में है। 7 अगस्त के आसपास उत्तर-पश्चिमी बंगाल की खाड़ी में एक कम दबाव का क्षेत्र बनने की प्रबल संभावना है। इस तंत्र के प्रभाव से राज्य में आगामी दिनों में मानसून सक्रिय रहने के आसार हैं। आगामी दिनों में भी पूर्वी राजस्थान के अधिकांश भागों में बारिश का दौर जारी रहेगा वहीं पश्चिमी राजस्थान के बीकानेर, जोधपुर संभाग के कुछ भागों में बारिश होने के लिए परिस्थितियां अनुकूल है।


