जयपुर,(एआर लाइव न्यूज)। भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो चित्तौड़गढ़ की टीम ने सोमवार को गंगरार में जल ग्रहण विकास एंव भू संरक्षण विभाग वाटर शेड के कनिष्ठ अभियंता जेईएन फूलचंद स्वामी को 50 हजार रूपये रिश्वत लेते गिरफ्तार किया है।
एसीबी महानिदेशक बीएल सोनी ने बताया कि परिवादी ने जेईएन फूलचंद स्वामी के खिलाफ एसीबी चित्तौड़गढ़ कार्यालय पर आकर शिकायत दी थी। जिसमें बताया था कि उसके विभिन्न कार्यादेशों के बकाया बिल करीब 48 लाख रूपए पास करने की एवज में जल ग्रहण विकास एवं भू संरक्षण विभाग गंगरार के जेईएन फूलचंद स्वामी 11 प्रतिशत कमीशन के रूप में 1 लाख रूपए रिश्वत मांग रहे हैं।
एसीबी टीम ने शिकायत का सत्यापन किया, जिसमें रिश्वत मांगे जाने की पुष्टि हुई। इस पर आज एसीबी टीम गंगराम पहुंची और ट्रेप कार्यवाही करते हुए फूलचंद स्वामी पुत्र लक्ष्मण स्वामी निवासी को परिवादी से 50 हजार रूपये रिश्वत राशि लेते गिरफ्तार किया है।




