बाड़मेर,(एआर लाइव न्यूज)। बाड़मेर में बायटू के भीमदा गांव के पास गुरूवार रात को इंडियन एयरफोर्स का लड़ाकू विमान मिग-21 क्रैश हो गया। हादसे में एयरक्राफ्ट में मौजूद दोनों पायलट शहीद हो गए। विमान के क्रैश होने के बाद उसमें आग लग गयी, गांव में करीब एक किलोमीटर तक विमान का मलबा फैला मिला है।
जानकारी के अनुसार हादसे में विमान में सवार विंग कमांडर एम राणा और फ्लाइट लेफ्टिनेंट अद्वितीय बल शहीद हुए हैं। एम राणा हिमाचल प्रदेश के मंडी के रहने वाले थे, जबकि अद्वितीय बल जम्मू के रहने वाले थे।

इंडियन एयरफोर्स से जारी अधिकृत बयान के अनुसार हादसा रात 9.10 बजे हुआ है। दोनों पायलट मिग-21 ट्रेनर एयरक्राफ्ट से ट्रेनिंग सोर्टी (sortie) के लिए निकले थे। इस दौरान एयरक्राफ्ट पश्चिमी क्षेत्र में दुर्घटनाग्रस्त हो गया। हादसे में दोनों पायलट की मृत्यु हो गयी है। दुर्घटना के कारणों की जांच के लिए कोर्ट ऑफ इंक्वॉयरी के आदेश जारी कर दिए गए हैं।

एयरक्राफ्ट के जलते हुए टुकड़े गिरते देख गांव में हड़कंप मच गया
एयरक्राफ्ट जब क्रैश हुआ तो उसके जलते हुए टुकड़े गांव में अलग-अलग स्थानों पर गिरे। जलते एयरक्राफ्ट और उसके गिरते पार्ट्स को देखकर गांव में हड़कंप मच गया। सूचना पर स्थानीय प्रशासन और पुलिस मौके पर पहुंचे। जहां एयरक्राफ्ट क्रैश होकर गिरा वहां ग्रामीणों की भारी भीड़ लग गयी।




