जयपुर,(एआर लाइव न्यूज)। भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो की टीम ने मंगलवार को हनुमानगढ़ के कलेक्टर कार्यालय की सहायता शाखा में कार्रवाई करते हुए कनिष्ठ सहायक सुभाष स्वामी और उसके दलाल जगरूप सिंह को 2 लाख रूपए रिश्वत लेते गिरफ्तार किया है। आरोपी मृतक कोरोना वॉरियर के परिवार को राज्य सरकार द्वारा दी जाने वाली आर्थिक सहायता के 50 लाख रूपए स्वीकृत करवाने की एवज में 5 प्रतिशत कमीशन के अनुसार ढाई लाख रूपए मांग रहे थे।
एसीबी महानिदेशक बीएल सोनी ने बताया कि परिवादी ने हनुमानगढ़ में एसीबी कार्यालय पहुंचकर आरोपियों की शिकायत दी थी। शिकायत में बताया था कि उसके पिता कोरोन वॉरियर थे और उनकी कोविड काल के दौरान मृत्यु हो गयी थी।
कोरोना वारियर की मृत्यु पर परिवार को राज्य सरकार द्वारा दी जाने वाली 50 लाख रुपये की सहायता राशि की फाइल को प्रोसेस कर स्वीकृत करवाने की एवज में कलेक्टर कार्यालय के सहायता विभाग का कनिष्ठ सहायक सुभाष स्वामी 5 प्रतिशत कमीशन के रूप में 2.50 लाख रूपये रिश्वत मांग रहा है।
एसीबी द्वारा परिवादी की शिकायत का सत्यापन करने पर रिश्वत मांगे जाने की पुष्टि हुई। इस पर आज एसीबी टीम ट्रेप कार्रवाई की और कनिष्ठ सहायक सुभाष स्वामी और उसके दलाल जगरूप सिंह को 2 लाख रूपए रिश्वत लेते रंगे हाथों धरदबोचा।




