गुजरात एटीएस कर रही जांच
भावनगर,(एआर लाइव न्यूज)। गुजरात के भावनगर में जहरीली शराब पीने से 28 लोगों की मौत हो गयी है, वहीं कुछ की हालत अभी भी गंभीर बनी हुई हैं। ये सभी लोग सोमवार सुबह भावनगर सिविल अस्पताल पहुंचे थे, जब इनकी अवैध शराब पीने के बाद तबियत बिगड़ गयी थी।
मामले की जांच गुजरात की आतंकवाद निरोधी दस्ता एटीएस कर रही है, वहीं नकली शराब बनाने और बेचने वाले बूटलेगर्स को पकड़ने के लिए आईजी ने पुलिस के उच्च अधिकारियों के नेतृत्व में एसआईटी का गठन भी कर दिया है।
गुजरात के पुलिस महानिदेशक आशीष भाटिया ने बताया कि पुलिस ने बोटाद जिले से तीन लोगों को हिरासत में लिया है। जहरीली शराब से लोगों की तबियत बिगड़ने का पहला मामला सोमवार की सुबह बरवाला तालुका के रोजिड गांव और आसपास के अन्य गांवों से आया था। इसके बाद अन्य क्षेत्रों के लोग भी अवैध शराब पीने के बाद तबियत खराब होने से अस्पताल पहुंचे।




