नोटिस दिया, पाबंद किया फिर भी जारी रखा निर्माण
उदयपुर(एआर लाइव न्यूज)। सीसारमा-नांदेश्वरजी रोड स्थित राजस्व गांव नोहरा में यूआईटी जमीन पर कब्जा कर बनाई गई चार अवैध दुकानों को गुरुवार को ध्वस्त कर दिया गया।
यूआईटी सचिव बालमुकुंद असावा ने बताया कि राजस्व ग्राम नोहरा में फैयाज मोहम्मद और रईस मोहम्मद ने करीब 6 हजार स्क्वायर फीट यूआईटी जमीन पर कब्जा कर रखा था। इस जमीन पर इन्होंने चार दूकानों और एक कमरे का निर्माण भी कर लिया।
असावा ने बताया कि इस अवैध निर्माण को रोकने यूआईटी ने नोटिस देकर निर्माणकर्ता को पाबंद भी किया। उसके बावजूद निर्माण जारी रखा। तहसील कोर्ट में इस अवैध निर्माण को हटाने का आदेश पारित हुआ। इसके बाद गुुरुवार को तहसीलदार विमलेन्द्र राणावत के नेतृत्व में यूआईटी टीम ने इस अवैध निर्माण को ध्वस्त कर दिया।




