उदयपुर(एआर लाइव न्यूज)। मेवाड़ सहित राजस्थान में कई स्थानों पर मानसून की जबरदस्त सक्रियता नजर आ रही है। बीती रात गंगानगर तहसील में 24 घण्टे में रिकॉर्ड तोड़ 260 मिलीमीटर यानी करीब साढ़े दस इंच बारिश हुई। इधर उदयपुर जिले के खेरवाड़ा में 120 मिलीमीटर बारिश हुई है। मदार बड़ा तालाब अब महज डेढ़ फिट खाली रह गया है।
मौसम विभाग के अनुसार पिछले 24 घंटों में गंगानगर तहसील में अत्यंत भारी बारिश (260 मिली मीटर) दर्ज की गई है। इसके अलावा उदयपुर, सिरोही, राजसमंद, प्रतापगढ़, झालावाड़, चित्तौड़गढ़, अलवर, डूंगरपुर व जैसलमेर जिलों में कहीं-कहीं भारी बारिश व एक दो स्थानों पर अति भारी बारिश दर्ज की गई है। पूर्वी राजस्थान में सर्वाधिक बारिश उदयपुर जिले के खेरवाड़ा में 120 जबकि पश्चिमी राजस्थान के श्रीगंगानगर तहसील में 260 मिलीमीटर बारिश दर्ज की जा चुकी है।

48 घण्टे में भी तेज बारिश की सम्भावना
मौसम विभाग के अनुसार राजस्थान में अभी भी अगले 48 घंटों के दौरान कहीं कहीं जारी रहने की संभावना है। शुक्रवार सुबह 8 बजे तक उदयपुर संभाग के चितौड़ जिले में गम्भीरी में 123 मिलीमीटर, भदेसर 79, राजसमन्द के चिकलवास में 78, डूंगरपुर के सोम कमला आंबा में 64, उदयपुर जिले के मदार में 109, खेरवाड़ा 120, गोगुन्दा 66, जयसमंद 66 और प्रतापगढ़ के पीपलखूंट में 89 मिलीमीटर बारिश हुई।

मदार बड़ा डेढ़ फीट ही खाली
मदार बड़ा तालाब का गेज 24 फीट पूर्ण क्षमता के मुकाबले शुक्रवार सुबह तक 22 फीट 6 इंच हो चुका। अब यह छलकने से डेढ़ फीट दूर है। मदार छोटा तालाब का गेज 21 फीट के मुकाबले 15 फीट हो चुका है। ओवरफ्लो होते ही इनका पानी फतेहसागर पहुँचेगा। इधर थूर की पाल से पानी गिरना कम पड़ने से शुक्रवार को फतेहसागर में आवक धीमी पड़ गई है।




