2021 में भारत सरकार ने आबे को भारत के दूसरे सर्वोच्च नागरिक पुरस्कार पद्म विभूषण से सम्मानित किया था
नई दिल्ली,(एआर लाइव न्यूज)। जापान के पूर्व प्रधानमंत्री शिंजो आबे की शुक्रवार को हुए निधन पर भारत के प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने शोक व्यक्त किया है और 9 जुलाई को एक दिन का राष्ट्रीय शोक घोषित किया है।
जापान के नारा शहर में शुक्रवार सुबह चुनावी सभा को संबोधित करते समय शिंजो आबे को एक हमलावर ने गोली मार दी थी। उन्हें तत्काल हॉस्पिटल ले जाया गया था, जहां उनकी उपचार के दौरान निधन हो गया।

उन्होंने मुझ पर हमेशा गहरी छाप छोड़ी : प्रधानमंत्री मोदी
प्रधानमंत्री मोदी ने कहा, जापान के पूर्व प्रधानमंत्री शिंजो आबे एक महान वैश्विक राजनेता, एक उत्कृष्ट नेता और एक उल्लेखनीय प्रशासक थे। उन्होंने जापान और दुनिया को एक बेहतर जगह बनाने के लिए अपना जीवन समर्पित कर दिया। उनके साथ मेरा जुड़ाव कई साल पुराना है। मैं उन्हें गुजरात के सीएम के रूप में अपने कार्यकाल के दौरान से जानता था और पीएम बनने के बाद भी हमारी दोस्ती जारी रही। अर्थव्यवस्था और वैश्विक मामलों पर उनकी तेज अंतर्दृष्टि ने हमेशा मुझ पर गहरी छाप छोड़ी। प्रधानमंत्री मोदी ने कहा मेरी हाल की जापान यात्रा के दौरान उन्हें आबे से दोबारा मिलने और कई मुद्दों पर चर्चा करने का मौका मिला। मुझे नहीं पता था कि यह हमारी आखिरी मुलाकात होगी। उनके परिवार और जापानी लोगों के प्रति मेरी हार्दिक संवेदना।
कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी ने भी जापान के पूर्व प्रधानमंत्री शिंजो आबे के निधन पर शोक व्यक्त किया। राहुल गांधी ने ट्विट कर कहा कि जापान के पूर्व प्रधान मंत्री शिंजो आबे के निधन से गहरा दुख हुआ। भारत और जापान के बीच रणनीतिक संबंधों को मजबूत करने में उनकी भूमिका सराहनीय थी। उनके परिवार और लोगों के प्रति मेरी संवेदना।

दो बार जापान के प्रधानमंत्री रहे शिंजो आबे
शिंजो आबे 2006 से 2007 और 2012 से 2022 तक दो बार जापान के प्रधानमंत्री रहे। 2020 में स्वास्थ्य कारणों के चलते उन्होंने पद छोड़ दिया था। शिंजो आबे जापान में बतौर प्रधानमंत्री सबसे लंबे समय सेवा देने वाले नेता रहे। अंतरराष्ट्रीय स्तर पर उनकी सरकार की आर्थिक नीतियों ने देश में राजकोषीय प्रोत्साहन, मौद्रिक सहजता और संरचनात्मक सुधारों को आगे बढ़ाया। 2021 में भारत सरकार ने उन्हें भारत के दूसरे सर्वोच्च नागरिक पुरस्कार पद्म विभूषण से सम्मानित किया था।



