बड़ी संख्या में जब्त किए आईवीएफ के इंजेक्शन
उदयपुर,(एआर लाइव न्यूज)। चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग की टीम ने गुरूवार को मधुबन क्षेत्र में अवैध रूप से चलाए जा रहे एंजल एग डोनर सेंटर पर छापा मारकर कार्रवाई की है। मौके से भारी मात्रा में आईवीएफ के लिए उपयोग होने वाले इंजेक्शन भी बरामद किए गए हैं।
सीएमएचओ डॉ. दिनेश खराड़ी ने बताया कि सूचना थी कि मधुबन में हिरण एक्सरे वाली गली में एंजल एग डोनर सेंटर नाम से एक अवैध क्लीनिक संचालित हो रहा है। इस पर आज टीम ने यहां दबिश दी। मौके से उपलब्ध दस्तावेज और अन्य कागजात जब्त किए। सेंटर को मल्लातलाई निवासी सितारा बानो नाम की महिला चला रही है। हालां कि स्वास्थ्य विभाग की कार्रवाई के दौरान वह क्लीनिक पर नहीं मिली। सीएमएचओ ने बताया कि थाने में मामला एफआईआर दर्ज करवाई है।

डॉ. दिनेश खराड़ी ने बताया कि क्लीनिक का ना तो क्लिनिकल एस्टेब्लिशमेंट एक्ट के तहत पंजीकरण पाया गया और न ही बायो मेडिकल वेस्ट का पंजीकरण पाया गया। मौके पर काफी मात्रा में आईवीएफ में काम आने वाले इंजेक्शन बरामद हुए जिसके लिए ड्रग कंट्रोलर को बुला ड्रग एंड कॉस्मेटिक एक्ट के तहत कारवाई की गयी है। कुछ आम महिलाएं भी क्लीनिक पर इंजेक्शन लगवाने आयीं थीं, जिनके बयान लिए गए। मामले की जांच कर अग्रिम कार्रवाई की जाएगी।




