उदयपुर(एआर लाइव न्यूज)। कई दिनों के इंतजार बाद प्रदेश और मेवाड़ में प्रवेश करने के बाद अब मानसून मेवाड़ में भी मेहरबानी बरसा रहा है। मंगलवार देर रात तक मेवाड़ में कई जगह तेज बारिश हुई। सर्वाधिक 109 मिलीमीटर बारिश बांसवाड़ा जिले के सज्जनगढ़ क्षेत्र में हुई है। मानसून की मेहरबानी के बीच मंगलवार को दूखद घटनाएं भी हुई। बारिश के दौरान आकाशीय बिजली गिरने से मंगलवार को राजस्थान में आठ लोगों की मौत भी हो गई।
जलसंसाधन विभाग के अनुसार पिछले 24 घंटों में उदयपुर, बांसवाड़ा, डूंगरपुर व झालावाड़ जिलों में कहीं-कहीं भारी बारिश और एक-दो स्थानों पर अति भारी बारिश दर्ज की गई है। पूर्वी राजस्थान में सर्वाधिक बारिश बांसवाड़ा जिले के सज्जनगढ़ में 109 मिलीमीटर जबकि पश्चिमी राजस्थान के बाड़मेर में 51 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई है। बुधवार को भी उदयपुर, कोटा व जोधपुर संभाग के जिलों में कुछ स्थानों पर मध्यम से तेज दर्जे की बारिश का दौर जारी रहेगा।
24 घंटे में मेवाड़ के इन क्षेत्रों में हुई तेज बारिश

उदयपुर शहर 23 मिलीमीटर, सेमारी 90, सलूंबर 71, भींडर 56, ऋषभदेव 41, राजसमंद 75, चिकलवास 55, नाथद्वारा 48, सज्जनगढ़ 109, बागीदौरा 93, कुशलगढ़ 85, दानपूर 52, वागन 65, डूंगला 48, चिकली 82, धंबोला में 66 मिलीमीटर बारिश हुई।

7 से 9 जुलाई तक भी है तेज बारिश की संभावना
मौसम विभाग के अनुसार 7 से 9 जुलाई के दौरान मेेवाड़ में कई जगह तेज बारिश हो सकती है। 7 जुलाई से राज्य के उत्तरी भागों में भी बारिश का दौर शुरू होगा। कहीं-कहीं भारी बारिश और एक-दो स्थानों पर अति भारी बारिश होने की भी प्रबल संभावना है। 12-13 जुलाई से बंगाल की खाड़ी में एक और नया कम दबाव का क्षेत्र बनने से राजस्थान में बारिश की गतिविधियां आगामी सप्ताह में भी जारी रहने की प्रबल संभावना है।




